नई दिल्ली: भारत ने अपनी मेजबानी में आयोजित हो रही वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप रविवार को दो स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिए। भारत को पहली गोल्ड स्टार मुक्केबाज निखत जरीन ने 50 किग्रा भारवर्ग में दिलाया। इसके बाद दूसरा स्वर्ण पदक टोक्यो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन ने 75 किग्राभार वर्ग में जीता। फाइनल में उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई मुक्केबाज कैटलिन एना पार्कर 5-2 के अंतर से मात दी।
गोल्ड से पहले जीते थे दो कांस्य पदक
लवलीना फाइनल में ऑस्ट्रेलिया की पार्कर एनी को मात देकर पहली बार वर्ल्ड चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतने में सफल रहीं। इससे पहले वो साल 2018 और 2019 में वर्ल्ड चैंपियनशिप में लगातार दो बार कांस्य पदक जीता था। लेकिन चार साल बाद लवलीना वर्ल्ड चैंपियनशिप में स्वर्णिम सफलता हासिल करने में सफल हुई हैं।
लवलीना महिलाओं की वर्ल्ड चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतने वाली आठवीं भारतीय हैं। मौजूदा वर्ल्ड चैंपियनशिप में ही भारत को तीन नए वर्ल्ड चैंपियन बॉक्सर नीतू गंघास, स्वीटी बूरा और लवलीना बोरगोहेन के रूप में मिले हैं। जबकि निखत जरीन लगातार दूसरी बार वर्ल्ड चैंपियनशिप का खिताब हासिल करने में सफल हुई हैं। उन्होंने पिछले साल 52 किग्रा भारवर्ग में गोल्ड मेडल अपने नाम किया था।
भारत की आठवीं वर्ल्ड चैंपियन
लवलीना से पहले एमसी मेरीकॉम 6 बार (2002, 2005, 2006, 2008, 2010 और 2018) वर्ल्ड चैंपियन बनीं। उनके अलावा सरिता देवी (2006), जेनी आर एल (2006), लेखा केसी (2006) और निखत जरीन (2022, 2023), नीतू गंघास(2023), स्वीटी बूरा(2023) वर्ल्ड चैंपियन बन चुकी हैं।
भारत ने जड़ा वर्ल्ड चैंपियनशिप में गोल्डन चौका
अपनी ही मेजबानी में भारतीय मुक्केबाज चार कैटेगरी में फाइनल में पहुंचे और चारों ने ही गोल्ड मेडल देश को दिलाए। शनिवार को 48 किग्रा भारवर्ग में 22 वर्षाीय नीतू गंघास ने भारत को पहला गोल्ड दिलाया। इसके बाद 30 साल की स्वीटी बूरा ने 81 किग्रा भारवर्ग में गोल्ड जीतकर भारत की स्वर्णिम खुशियों को दोगुना कर दिया। इसके बाद रविवार को खेले गए 50 किग्रा और 75 किग्रा के भारवर्ग में भारत को स्वर्णिम सफलता मिली और भारत ने 4 स्वर्ण पदक के साथ वर्ल्ड चैंपियनशिप में गोल्डन चौके के साथ अपने अभियान का अंत किया।
नीतू गंघास ने दिलाया था पहला गोल्ड
भारतीय मुक्केबाजों ने शनिवार को दो गोल्ड मेडल अपने नाम किए। भारत के लिए दिन का पहला गोल्ड नीतू गंघास ने 48 किग्रा भारवर्ग में जिताया। वहीं दूसरा पदक 81 किग्रा भार वर्ग में स्वीटी बूरा ने दिलाया। स्वीटी ने फाइनल में ऑस्ट्रेलियाई मुक्केबाज को मात दी। ये उनका वर्ल्ड चैंपियनशिप में पहला पदक है। इसके साथ ही स्वीटी वर्ल्ड चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाली आठवीं भारतीय महिला बॉक्सर बन गई हैं।
