IND vs PAK in Hockey World Cup 2026: FIH हॉकी वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 15 अगस्त से हो रहा है और इस बार फैंस को सबसे बड़े मुकाबले यानी भारत बनाम पाकिस्तान का रोमांच भी देखने को मिलेगा। 51 साल के पदक के सूखे को खत्म करने उतर रही हरमनप्रीत सिंह की टीम के लिए यह मैच सिर्फ 3 पॉइंट का नहीं, बल्कि सम्मान की जंग है। भारत अपने अभियान की शुरुआत 15 अगस्त को वेल्स के खिलाफ करेगा। भारतीय टीम स्वतंत्रता दिवस के जश्न को जीत के साथ दोगुना करना चाहेगी। 8 बार की ओलंपिक चैंपियन और 2 बार की ओलंपिक ब्रॉन्ज मेडलिस्ट टीम इंडिया इस समय वर्ल्ड रैंकिंग में 8वें नंबर पर है। भारत ने अपना इकलौता वर्ल्ड कप 1975 में पाकिस्तान को हराकर ही जीता था।
भारत पाकिस्तान हॉकी मैच (फोटो साभार- AI Created)
भारत-पाकिस्तान मैच कब और कहां?
FIH हॉकी वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान के बीच ग्रुप स्टेज का हाई-वोल्टेज मुकाबला 19 अगस्त 2026, बुधवार को खेला जाएगा। भारतीय समय के मुताबिक यह मैच शाम 6:30 बजे शुरू होगा। यह मुकाबला नीदरलैंड के एमस्टेलवीन के वाघनर स्टेडियम में होगा। पूल-D में भारत और पाकिस्तान के अलावा इंग्लैंड और वेल्स भी हैं, इसलिए यह मैच सेमीफाइनल की रेस तय करने में अहम भूमिका निभाएगा।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- 51 साल बाद पदक की तलाश में भारत, स्वतंत्रता दिवस पर करेगा जीत से आगाज
कैसा है इस बार के वर्ल्ड कप का फॉर्मेट
इस बार वर्ल्ड कप का फॉर्मेट नया है। 16 टीमों को 4 पूल में बांटा गया है। हर पूल से टॉप-2 टीमें सुपर-8 यानी दूसरे राउंड में जाएंगी। पिछले राउंड के पॉइंट्स भी कैरी होंगे और फिर दोनों ग्रुप से टॉप-2 टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। संयुक्त रूप से बेल्जियम के वावरे और नीदरलैंड के एमस्टेलवीन में 15 से 30 अगस्त तक चलने वाले इस वर्ल्ड कप में डिफेंडिंग चैंपियन जर्मनी भी खिताब बचाने उतरेगी।
भारत-पाकिस्तान लाइव मैच कहां देखें?
भारतीय फैंस हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के सभी मैचों का लाइव टेलीकास्ट स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं। वहीं ऑनलाइन स्ट्रीमिंग JioHotstar ऐप और वेबसाइट पर फ्री में देखी जा सकेगी। अगर आप भारत के बाहर हैं तो Watch.Hockey प्लेटफॉर्म पर मैच लाइव देख सकते हैं।
