स्पोर्ट्स

Hockey World Cup 2026: 51 साल बाद पदक की तलाश में भारत, स्वतंत्रता दिवस पर करेगा जीत से आगाज

Hockey World Cup 2026: भारत ने राजगीर में एशिया कप जीता, हालांकि प्रो लीग में 8वें स्थान पर रहा। लेकिन वर्ल्ड कप से ठीक पहले यूरोप लेग में भारत ने वर्ल्ड चैंपियन जर्मनी और ओलंपिक चैंपियन नीदरलैंड को हराया है।

Image

भारत बनाम वेल्स प्रीव्यू (फोटो साभार- AI Created)

Hockey World Cup 2026: ओलंपिक में लगातार दो बार कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष हॉकी टीम शनिवार को वेल्स के खिलाफ अपने विश्व कप अभियान की शुरुआत करेगी। टीम का इरादा 51 साल से चला आ रहा पदक का सूखा खत्म कर देश को स्वतंत्रता दिवस पर जीत का तोहफा देने का है। आठ बार की ओलंपिक चैंपियन भारत ने अपना इकलौता विश्व कप 1975 में कुआलालंपुर में पाकिस्तान को हराकर जीता था। 1971 में कांस्य और 1973 में रजत के बाद से पिछले 51 साल से भारत पोडियम से दूर है।

पूल-डी में है भारत

मौजूदा टीम के पास इतिहास बदलने का सबसे अच्छा मौका है। कप्तान हरमनप्रीत सिंह की टीम पूल-डी में है, जहां भारत 8वीं रैंकिंग पर है। उसके ग्रुप में सिर्फ इंग्लैंड (3rd) उससे ऊपर है, जबकि पाकिस्तान 12वें और वेल्स 15वें नंबर पर है। नए फॉर्मेट में हर पूल से टॉप-2 टीमें दूसरे राउंड में जाएंगी, जहां उन्हें 4-4 टीमों के दो ग्रुप में बांटा जाएगा। पिछले राउंड के पॉइंट्स भी जुड़ेंगे और दोनों ग्रुप से टॉप-2 सेमीफाइनल में पहुंचेंगी।

51 साल बाद पदक जीतने की उम्मीद

कप्तान हरमनप्रीत ने कहा, "हमें यकीन है कि जैसे टोक्यो में 41 साल बाद ओलंपिक पदक जीता, वैसे ही इस बार 51 साल बाद वर्ल्ड कप में पदक लाएंगे। यह दबाव नहीं, हमारी जिम्मेदारी है।" भारत ने राजगीर में एशिया कप जीता, हालांकि प्रो लीग में 8वें स्थान पर रहा। लेकिन वर्ल्ड कप से ठीक पहले यूरोप लेग में भारत ने वर्ल्ड चैंपियन जर्मनी और ओलंपिक चैंपियन नीदरलैंड को हराया है। कोच क्रेग फुल्टन ने 33 खिलाड़ियों को परखने के बाद टीम चुनी है। 417 मैच खेल चुके मनप्रीत सिंह टीम में हैं, वहीं यशदीप सिवाच, मोहित एचएस और शिलानंद लाकड़ा समेत 8 खिलाड़ियों का यह पहला वर्ल्ड कप होगा।

उलटफेर के इरादे से उतरेगी वेल्स

मेंटल कोच पैडी अप्टन ने कहा कि टीम को हर हालात के लिए तैयार किया गया है और वह मैच-दर-मैच सोचेगी। पीआर श्रीजेश के संन्यास के बाद यह पहला बड़ा टूर्नामेंट है, जहां मोहित और सूरज करकेरा पर जिम्मेदारी होगी। डिफेंस में हरमनप्रीत और अमित रोहिदास, मिडफील्ड में हार्दिक सिंह और फॉरवर्ड में अभिषेक और 288 मैच खेल चुके मनदीप सिंह पर निगाहें होंगी। भारत के लिए यह प्रदर्शन अगले महीने एशियाई खेलों से पहले टॉनिक का काम करेगा, जहां गोल्ड जीतकर LA 2028 ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करना लक्ष्य है। भारत को ग्रुप में 17 अगस्त को इंग्लैंड और 19 अगस्त को पाकिस्तान से खेलना है, जबकि वेल्स उलटफेर के इरादे से उतरेगी।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article