15 अप्रैल के खेल सुर्खियां की बात करें तो भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए एक अच्छी और एक बुरी खबर है। अच्छी खबर यह है कि पीठ की दर्द के कारण लंबे समय से क्रिकेट मैदान से दूर चल रहे भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने बेंगलुरु के राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में रिहैबिलिटेशन शुरु कर दिया है। वहीं, बुरी खबर यह है कि श्रेयस अय्यर अगले हफ्ते सर्जरी कराएंगे। वहीं, पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने अपने 100वें मैच में पाकिस्तान ने न्यूजीलैंड को 88 रन से हराया। हालांकि, इस मुकाबले में बाबर आजम का बल्ला पूरी तरह से शांत रहा था।
केएल राहुल, श्रेयस अय्यर और राहुल द्रविड़। (फोटो - लखनऊ और श्रेयस अय्यर के ट्विटर से)
तीसरी बार होम ग्राउंड पर उतरने को तैयार लखनऊ
आईपीएल के 21वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स और पंजाब किंग्स के बीच मुकाबला खेला जाएगा। यह सीजन का छठा डबल हेडर मुकाबला होगा। यह मुकाबला लखनऊ के इकाना स्टेडियम में शाम 7.30 बजे से खेला जाएगा। लखनऊ मौजूदा सीजन में दो बार घरेलू मैदान पर उतर चुकी है और दोनों में ही जीत हासिल की है। लखनऊ चार मैचों में से तीन में जीत हासिल कर 6 अंकों के साथ पॉइंट टेबल में दूसरे नंबर पर है, जबकि पंजाब किंग्स 4 अंकों के साथ छठे नंबर पर है।बुमराह ने शुरु किया रिहैब, अय्यर अगले हफ्ते कराएंगे सर्जरी
बीसीसीआई ने शनिवार को कहा कि न्यूजीलैंड में पीठ के निचले हिस्से की सफल सर्जरी के बाद भारत के मुख्य तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को अब दर्द से राहत है और उन्होंने बेंगलुरु में राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में ‘रिहैबिलिटेशन’ शुरु कर दिया है। बीसीसीआई ने श्रेयस अय्यर के बारे में भी अपडेट दी और कहा कि यह बल्लेबाज अगले हफ्ते पीठ के निचले हिस्से की सर्जरी कराएंगे। सितंबर 2022 के बाद से क्रिकेट से बाहर चल रहे बुमराह एशिया कप और टी20 विश्व कप में नहीं खेल पाये थे और यह देखना होगा कि वह दो महीने के अंदर ओवल में आस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले भरत के विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल के लिए फिट होंगे या नहीं।
बाबर ने 100वें टी20 में पाकिस्तान ने न्यूजीलैंड को हराया
पाकिस्तान ने अपने कप्तान बाबर आजम के 100 टी20 मैच का जश्न 5 मैचों की सीरीज के पहले मैच में न्यूजीलैंड को 88 रन से हराकर मनाया। तेज गेंदबाज हारिस रऊफ ने कैरियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 18 रन देकर चार विकेट लिए। न्यूजीलैंड की टीम चार ओवर बाकी रहते 94 रन पर ही आउट हो गई। उसने आखिरी पांच विकेट छह रन के भीतर गंवा दिए। इससे पहले पाकिस्तान ने 182 रन बनाए। युवा बल्लेबाज साइम अयूब और फखर जमां दोनों ने 47 रन की पारी खेली।
लखनऊ में मयंक यादव की जगह अर्पित गुलेरिया
हिमाचल प्रदेश के दाहिने हाथ के तेज गेंदबाज अर्पित गुलेरिया आईपीएल के बाकी मैचों के लिये लखनऊ सुपर जायंट्स टीम में चोटिल तेज गेंदबाज मयंक यादव की जगह लेंगे। आईपीएल द्वारा जारी बयान में चोट के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है। गुलेरिया को 20 लाख रूपये में लिया गया है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के लिए घरेलू क्रिकेट में पदार्पण किया और अब सेना के लिए खेलते हैं। उन्होंने 15 प्रथम श्रेणी मैचों में 44 और 12 लिस्ट ए मैचों में 11 विकेट लिए हैं।
विजयकुमार ने आईपीएल में किया डेब्यू
आईपीएल के 20वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर का सामना दिल्ली कैपिटल्स से हुआ। यह मुकाबला बेंगलोर के होम ग्राउंड एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में दोपहर 3.30 बजे से शुरू हुआ। इस मुकाबले में आरसीबी के लिए एक धाकड़ गेंदबाज विजय कुमार वैशाक ने डेब्यू किया। उनको मध्यप्रदेश के रजत पाटीदार की जगह स्क्वाड में शामिल किया गया है। विजय कुमार पहली बार फाफ डु प्लेसिस और विराट कोहली जैसे दिग्गज क्रिकेटर के साथ खेलेंगे।
(भाषा इनपुट के साथ)
