अस्ताना: अमन सहरावत ने सीनियर स्तर पर प्रभावी प्रदर्शन जारी रखते हुए गुरुवार को 57 किग्रा भारवर्ग में किर्गिस्तान के अल्माज समानबेकोव को हराकर भारत को एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में पहला स्वर्ण पदक दिलाया। सहरावत ने फाइनल में समानबेकोव को 9-4 से शिकस्त दी।
अमन ने जीता साल में दूसरा पदक
दिल्ली के प्रतिष्ठित छत्रसाल स्टेडियम में ट्रेनिंग करने वाले सहरावत ने क्वार्टर फाइनल में जापान के रिकुतो अराई को 7-1 से हराने के बाद सेमीफाइनल में चीन के वानहाओ झू को 7-4 से शिकस्त दी। पिछले साल अंडर-23 विश्व चैंपियनशिप जीतने वाले सहरावत ने 2023 सत्र में दूसरा पोडियम स्थान हासिल किया। उन्होंने फरवरी में जागरेब ओपन में भी कांस्य पदक जीता था। दो अन्य भारतीय पहलवान भी गुरुवार को कांस्य पदक के मुकाबले में जगह बनाने में सफल रहे।
दो कांस्य पदक भी हैं दांव पर
दीपक कुकना (79 किग्रा) और दीपक नेहरा (97 किग्रा) अपने सेमीफाइनल मुकाबले हारने के बाद कांस्य पदक के मुकाबले में खेलेंगे। अनुज कुमार (65 किग्रा) और मुलायम यादव (70 किग्रा) पदक दौर में जगह बनाने में नाकाम रहे। भारत ने अब तक प्रतियोगिता में 12 पदक जीते हैं। ग्रीको रोमन पहलवानों ने चार पदक जीते जबकि महिला पहलवानों ने सात पदक अपने नाम किए।
