15 MAY के खेल सुर्खियां की बात करें आईपीएल के 16वें सीजन के लीग का अंतिम दौर शुरू हो चुका है। इसके साथ ही टीमों के प्लेऑफ में पहुंचने का सिलसिला भी जारी हो चुका है। आईपीएल के 62वें मुकाबले में डिफेंडिंग चैम्पियन गुजरात टाइटंस का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से होगा। यह मुकाबला गुजरात के होम ग्राउंड नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। टीम अगर इस मुकाबले में जीत हासिल कर लेती है तो टेबल में टॉप पर बने रहने के साथ प्लेऑफ के लिए भी क्वालिफाई कर लेगी। वहीं, हैदराबाद की उम्मीद न के बराबर है। वहीं, चेन्नई के खिलाफ जीत के बाद केकेआर के कप्तान नीतीश राणा पर स्लो ओवर रेट के लिए 24 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। इस मुकाबले के खत्म होने के बाद चेन्नई के कप्तान एमएस धोनी से दिग्ग्ज क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने ऑटोग्राफ लिया।
गुजरात टाइटंस और केकेआर के खिलाड़ी। (फोटो- IPL/BCCI)
गुजरात का आज होगा हैदराबाद से सामना
आईपीएल के 62वें मुकाबले में डिफेंडिंग चैम्पियन गुजरात टाइटंस का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से होगा। यह मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मुकाबले में गुजरात की टीम की नजर जीत पर होगी। अगर इस मुकाबले में गुजरात जीत हासिल कर लेती है तो वह प्लेऑफ के लिए क्चालिफाई भी कर लेगी। वहीं, हैदराबाद की टीम 8 अंक के साथ पॉइंट टेबल में 9वें नंबर पर है। हालांकि, हैदराबाद इस मुकाबले में जीत भी जाती है तो प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीद न के बराबर है।
केकेआर के कप्तान का कट गया 24 लाख
चेन्नई के खिलाफ मैच में कोलकाता नाइटराइडर्स ने चेपक में 11 साल बाद जीत तो दर्ज कर ली, लेकिन कप्तान नीतीश राणा पर स्लो-ओवर रेट के कारण 24 लाख का जुर्माना लगाया गया। इतना ही नहीं उनके साथी खिलाड़ी पर भी 6 लाख या मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। ये जुर्माना सब्सिट्यूट खिलाड़ियों पर लागू होगा। स्लो-ओवर रेट के कारण 12 लाख रुपये का जुर्माना लगता है, लेकिन यह इस सीजन नीतीश राणा का दूसरा अपराध है इसी कारण उन पर 24 लाख का जुर्माना लगाया गया है।
प्रो हॉकी लीग के लिए भारतीय टीम का ऐलान
ड्रैग फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह को प्रो लीग हॉकी के यूरोप चरण के लिए भारतीय पुरूष हॉकी टीम का कप्तान बनाया गया है जबकि नए कोच क्रेग फुल्टोन का यह पहला टूर्नामेंट होगा। अपने मैदान पर एफआईएच प्रो लीग के पिछले चरण में भारतीय टीम विश्व चैम्पियन जर्मनी और आस्ट्रेलिया के खिलाफ अपराजेय रही। यूरोप में टीम इस लय को कायम रखना चाहेगी जहां उसका सामना लंदन में बेल्जियम और ब्रिटेन से होगा जबकि नीदरलैंड में उसे अर्जेंटीना और नीदरलैंड से खेलना है। अपनी शादी के कारण घरेलू मैचों से बाहर रहे गोलकीपर कृशन बहादुर पाठक की टीम में वापसी हुई है, जिनके साथ अनुभवी पी आर श्रीजेश होंगे।
जोकोविच ने दिमित्रोव को हराया, स्वातेक भी जीतीं
बाईस बार के ग्रैंडस्लैम चैम्पियन नोवाक जोकोविच ने दूसरा सेट गंवाने के बाद वापसी करते हुए ग्रिगोर दिमित्रोव को 6-3, 4-6, 6-1 से हराकर इटालियन ओपन टेनिस के चौथे दौर में प्रवेश किया। लाल बजर पर पिछले दो टूर्नामेंटों में जोकोविच जल्दी बाहर हो गए जिसके मायने हैं कि इस टूर्नामेंट के बाद वह एक बार फिर नंबर एक रैंकिंग कार्लोस अलकाराज को गंवा देंगे। जोकोविच का सामना अब 13वीं वरीयता प्राप्त कैमरन नॉरी से होगा जिसने मार्टोन फुस्कोविक्स को 6-2, 7-6 से हराया। इससे पहले दो बार की चैम्पियन इगा स्वातेक ने लेसिया सुरेंको को 6- 2, 6-0 से हराया । पिछले मैच में उन्होंने अनास्तासिया पी को 6-0, 6-0 से मात दी थी।
गावस्कर ने लिया धोनी का ऑटोग्राफ
भारतीय क्रिकेट के सबसे महान बल्लेबाजों में से एक सुनील गावस्कर ने रविवार को देश के सबसे सफल क्रिकेट कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का ऑटोग्राफ लिया। टेस्ट क्रिकेट में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों के सामने 10 हजार से ज्यादा रन बनाने वाले गावस्कर ने कोलकाता नाइटराइडर्स और चेन्नई सुपरकिंग्स के बीच यहां खेले गए मैच के बाद धोनी ने अपने सीने के पास शर्ट पर ऑटोग्राफ लिया। चेन्नई सुपरकिंग्स का मौजूदा सत्र में यह चेपॉक मैदान पर यह आखिरी मैच था। मैच के बाद 41 साल के धोनी टेनिस रैकेट और ऑटोग्राफ वाली टेनिस गेंदों के साथ मैदान में आये और वहां मौजूद दर्शकों को रैकेट की मदद से गेंद देने लगे। इसबीच गावस्कर उनके पास पहुंचे और फिर धोनी ने उनके सीने के पास शर्ट पर अपना हस्ताक्षर किया।
अदिति फाउंडर्स कप में संयुक्त पांचवें स्थान पर
पहले तीन दिन खिताब की दौड़ में रहने के बाद भारत की अदिति अशोक एक ओवर 73 के निराशाजनक स्कोर के बाद फाउंडर्स कप गोल्फ में संयुक्त पांचवें स्थान पर रही। इससे पहले अदिति जेएम ईगल एलए चैम्पियनशिप में उपविजेता रही थी। इस प्रदर्शन के बाद वह रेस टू सीएमई ग्लोब में शीर्ष 20 में पहुंच जायेगी, लेकिन एलपीजीए टूर पर खिताब जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनने के लिये अभी उन्हें और इंतजार करना होगा। अगले सप्ताह वह आरामको सीरिज फ्लोरिडा में खेलेंगी। कोरिया की जिन यंग को ने पांच साल में तीसरी बार खिताब जीता और गत चैम्पियन मिंजी ली दूसरे स्थान पर रही।
बांग्लादेश ने आयरलैंड को पांच रन से हराया, सीरीज पर भी कब्जा
कप्तान तामिम इकबाल के 69 रन और मुस्ताफिजूर रहमान के चार विकेट की मदद से बांग्लादेश ने आयरलैंड को पांच रन से हराकर वनडे क्रिकेट सीरीज जीत ली। बांग्लादेश ने 48.5 ओवर में 274 रन बनाए। जवाब में आयरलैंड जीत के करीब पहुंच रहा था और उसे आखिरी ओवर में दस रन की जरूरत थी। उसने हसन महमूद के इस ओवर में तीन गेंद में दो विकेट गंवा दिए और नौ विकेट पर 269 रन ही बना सकी। बांग्लादेश ने दूसरा वनडे तीन विकेट से जीता था जबकि पहला मैच बारिश में धुल गया था ।
इकबाल ने दूसरे विकेट के लिये नजमुल हुसैन शांतो (35) के साथ 49 और तीसरे विकेट के लिये लिटन दास (35) के साथ 70 रन की साझेदारी की । मुशफिकुर रहीम ने 45 और मेहदी हसन मिराज ने 37 रन बनाए।
(भाषा इनपुट के साथ)
