दिल्ली में सजेगा बैडमिंटन का महाकुंभ, खेल मंत्री ने BWF वर्ल्ड चैंपियनशिप का शुभंकर 'पीको' किया लॉन्च

BWF World Championships 2026: मांडविया ने कहा कि भारत में खेल संस्कृति तेजी से बढ़ रही है और देश अब 'खेलों का देश' बनने की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि भारत 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी करेगा और 2036 ओलंपिक की दावेदारी भी पेश कर चुका है।

BWF World Championships 2026: राजधानी दिल्ली अगले महीने बैडमिंटन के सबसे बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी के लिए तैयार है। खेलमंत्री मनसुख मांडविया ने शनिवार को बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 के आधिकारिक शुभंकर 'पीको' का अनावरण किया। इसके साथ ही टूर्नामेंट का थीम सॉन्ग भी लॉन्च किया गया, जिसमें दो बार की ओलंपिक मेडलिस्ट पीवी सिंधु, लक्ष्य सेन और सात्विक-चिराग की जोड़ी समेत पूरी 16 सदस्यीय भारतीय टीम नजर आ रही है। यह चैंपियनशिप 17 से 23 अगस्त तक इंदिरा गांधी स्टेडियम में खेली जाएगी। 17 साल बाद भारत को इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की मेजबानी मिली है। इस मौके पर भारतीय बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष और असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा, साई के महानिदेशक हरि रंजन राव और मुख्य कोच पुलेला गोपीचंद भी मौजूद रहे।

@BAI_Media

बैडमिंटन वर्ल्ड चैंपियनशिप (फोटो साभार- @BAI_Media)

भारत करेगा 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी

मांडविया ने कहा कि भारत में खेल संस्कृति तेजी से बढ़ रही है और देश अब 'खेलों का देश' बनने की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि भारत 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी करेगा और 2036 ओलंपिक की दावेदारी भी पेश कर चुका है। पिछले दो साल में भारत में 36 इंटरनेशनल टूर्नामेंट हुए हैं और इस साल दूसरी छमाही में 9 और बड़े आयोजन होने हैं। खेलमंत्री ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य है कि 2036 तक भारत दुनिया के टॉप-10 खेल देशों में शामिल हो और 2047 में आजादी के 100 साल पूरे होने पर टॉप-5 में पहुंचे। इसके लिए रोडमैप तैयार है। वर्ल्ड चैंपियनशिप जैसे आयोजन उसी दिशा में बड़ा कदम हैं। इससे हमारे खिलाड़ियों को घरेलू दर्शकों के सामने खेलने का मौका मिलेगा और दुनिया को भारत की मेजबानी क्षमता का पता चलेगा।"

End of Feed