स्पोर्ट्स

फाइनल से पहले स्पेन के खिलाड़ी ने रेफरी के फैसले पर उठाए सवाल, बोले- अर्जेंटीना को लेकर फैसले हैरान करने वाले

FIFA World Cup 2026: लापोर्टे का इशारा अर्जेंटीना के पिछले मुकाबलों की तरफ था, जहां टीम ने फिजिकल गेम खेला। लापोर्टे के मुताबिक, "इतने बड़े टूर्नामेंट में इस तरह की चीजों को इजाजत नहीं दी जानी चाहिए, क्योंकि ये सामने वाली टीम को अस्थिर और निराश कर सकती हैं।"

Image

फीफा वर्ल्ड कप फाइनल (फोटो साभार- FIFA)

फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल से पहले स्पेन के डिफेंडर एमेरिक लापोर्टे ने अर्जेंटीना की खेल शैली पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि फुटबॉल में आक्रामकता गलत नहीं है, लेकिन अगर रेफरी उसे नजरअंदाज करे तो यह खेल के लिए खतरनाक हो सकता है। मार्का को दिए इंटरव्यू में लापोर्टे ने कहा, "मैं फुटबॉल में आक्रामकता से बिल्कुल परेशान नहीं हूं। अगर इसे सहन किया जाता है और रेफरी अपना काम करता है, तो मुझे कोई दिक्कत नहीं है। लेकिन हाल के मैचों में हमने ऐसी चीजें देखी हैं जिन्होंने हमें बहुत हैरान किया है, कई घटनाएं बिना सजा के निकल गईं। खासकर अर्जेंटीना के खिलाफ, जो एक मजबूत छाप छोड़ने वाली टीम है।"

लापोर्टे ने अर्जेंटीना के गेम पर भी उठाए सवाल

लापोर्टे का इशारा अर्जेंटीना के पिछले मुकाबलों की तरफ था, जहां टीम ने फिजिकल गेम खेला। लापोर्टे के मुताबिक, "इतने बड़े टूर्नामेंट में इस तरह की चीजों को इजाजत नहीं दी जानी चाहिए, क्योंकि ये सामने वाली टीम को अस्थिर और निराश कर सकती हैं।" हालांकि, स्पेन के डिफेंडर ने अपनी टीम के अनुशासन की तारीफ की। उन्होंने कहा, "टूर्नामेंट की शुरुआत से हम इस मामले में काफी अच्छी टीम रहे हैं। हम विरोधियों को मारने की कोशिश नहीं करते या खतरनाक फाउल नहीं करते। मुझे लगता है कि फाइनल में भी हमें यही करना है। लेकिन यह बहुत कुछ रेफरी पर निर्भर करेगा।"

अर्जेंटीना और स्पेन के बीच खेला जाएगा फाइनल

बता दें कि वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना और यूरोपियन चैंपियन स्पेन के बीच खेला जाएगा। स्पेन ने सेमीफाइनल में फ्रांस को 2-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। वहीं अर्जेंटीना ने इंग्लैंड के खिलाफ 1-0 से पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए 2-1 से जीत दर्ज की। स्टॉपेज टाइम में आया विनिंग गोल अर्जेंटीना को फाइनल में ले गया। इस फाइनल को लियोनेल मेसी और स्पेन के युवा स्टार लमीन यमाल के बीच मुकाबले के तौर पर भी देखा जा रहा है। मेसी फिलहाल गोल्डन बूट की रेस में सबसे आगे हैं। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में दो असिस्ट किए और फ्रांस के कप्तान किलियन एम्बाप्पे से आगे निकल गए।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article