स्पोर्ट्स

दिल्ली में सजेगा बैडमिंटन का महाकुंभ, खेल मंत्री ने BWF वर्ल्ड चैंपियनशिप का शुभंकर 'पीको' किया लॉन्च

BWF World Championships 2026: मांडविया ने कहा कि भारत में खेल संस्कृति तेजी से बढ़ रही है और देश अब 'खेलों का देश' बनने की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि भारत 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी करेगा और 2036 ओलंपिक की दावेदारी भी पेश कर चुका है।

Image

बैडमिंटन वर्ल्ड चैंपियनशिप (फोटो साभार- @BAI_Media)

BWF World Championships 2026: राजधानी दिल्ली अगले महीने बैडमिंटन के सबसे बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी के लिए तैयार है। खेलमंत्री मनसुख मांडविया ने शनिवार को बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 के आधिकारिक शुभंकर 'पीको' का अनावरण किया। इसके साथ ही टूर्नामेंट का थीम सॉन्ग भी लॉन्च किया गया, जिसमें दो बार की ओलंपिक मेडलिस्ट पीवी सिंधु, लक्ष्य सेन और सात्विक-चिराग की जोड़ी समेत पूरी 16 सदस्यीय भारतीय टीम नजर आ रही है। यह चैंपियनशिप 17 से 23 अगस्त तक इंदिरा गांधी स्टेडियम में खेली जाएगी। 17 साल बाद भारत को इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की मेजबानी मिली है। इस मौके पर भारतीय बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष और असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा, साई के महानिदेशक हरि रंजन राव और मुख्य कोच पुलेला गोपीचंद भी मौजूद रहे।

भारत करेगा 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी

मांडविया ने कहा कि भारत में खेल संस्कृति तेजी से बढ़ रही है और देश अब 'खेलों का देश' बनने की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि भारत 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी करेगा और 2036 ओलंपिक की दावेदारी भी पेश कर चुका है। पिछले दो साल में भारत में 36 इंटरनेशनल टूर्नामेंट हुए हैं और इस साल दूसरी छमाही में 9 और बड़े आयोजन होने हैं। खेलमंत्री ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य है कि 2036 तक भारत दुनिया के टॉप-10 खेल देशों में शामिल हो और 2047 में आजादी के 100 साल पूरे होने पर टॉप-5 में पहुंचे। इसके लिए रोडमैप तैयार है। वर्ल्ड चैंपियनशिप जैसे आयोजन उसी दिशा में बड़ा कदम हैं। इससे हमारे खिलाड़ियों को घरेलू दर्शकों के सामने खेलने का मौका मिलेगा और दुनिया को भारत की मेजबानी क्षमता का पता चलेगा।"

400 से ज्यादा खिलाड़ी लेंगे हिस्सा

इस चैंपियनशिप के 30वें संस्करण में 50 से ज्यादा देशों के 400 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। भारत की चुनौती की अगुआई पांच बार की वर्ल्ड चैंपियनशिप मेडलिस्ट पीवी सिंधु करेंगी। अगर वह छठी बार पोडियम पर पहुंचती हैं तो टूर्नामेंट की सबसे सफल खिलाड़ी बन जाएंगी। उनके अलावा लक्ष्य सेन, सात्विक-चिराग की जोड़ी, आयुष शेट्टी, उन्नति हुड्डा, गायत्री गोपीचंद और त्रिसा जॉली जैसे युवा खिलाड़ी भी एक्शन में दिखेंगे। हिमंता बिस्व सरमा ने कहा कि 17 साल बाद वर्ल्ड चैंपियनशिप की वापसी भारतीय बैडमिंटन के लिए मील का पत्थर है। शुभंकर 'पीको' भारत के राष्ट्रीय पक्षी मोर से प्रेरित है और उसकी स्कर्ट शटलकॉक जैसी बनाई गई है। सरमा ने कहा, "पीको और ऑफिशियल सॉन्ग इस सफर की शुरुआत है। यह चैंपियनशिप देश में बैडमिंटन पर अमिट छाप छोड़ेगी।"

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article