शोर्ड मारिन होंगे महिला हॉकी टीम के नए कोच, हरेंद्र सिंह ने अचानक दे दिया था इस्तीफा

Women Hockey New Coach: भारतीय महिला हॉकी टीम को अपना नया कोच मिल गया। शुक्रवार को हॉकी इंडिया ने इस बात पर मुहर लगा दी कि शोर्ड मारिन ही हरेंद्र सिंह की जगह लेंगे।

Women Hockey New Coach: हॉकी इंडिया ने महिला हॉकी टीम के नए हेड कोच की घोषणा कर दी। टोक्यो ओलंपिक में टीम के साथ रहे शोर्ड मारिन को भारतीय महिला हॉकी टीम का नया कोच बनाया गया है। शुक्रवार को हॉकी इंडिया ने इस पर मुहर लगा दी। टोक्यो ओलंपिक में शोर्ड मारिन की कोचिंग में ही भारतीय महिला हॉकी टीम ने अपने प्रदर्शन से दुनियाभर के खेल प्रेमियों का दिल जीता था और चौथे स्थान पर रही थी। शोर्ड मारिन ने बतौर कोच नियुक्ति के बाद कहा, "वापस आकर बहुत अच्छा लग रहा है। 4.5 साल बाद, मैं टीम के विकास में मदद करने और खिलाड़ियों को वैश्विक स्टेज पर अपनी पूरी क्षमता के साथ खेलने का हौसला और मौका देने के सपने के साथ लौटा हूं।"

Sjoerd Marijne  Replace Harendra Singh

सोर्ड मारिन (साभार-Hockey India)

मारिन 2017 से 2021 तक भारतीय महिला हॉकी टीम के कोच रह चुके हैं। हॉलैंड के शोर्ड मारिन 14 जनवरी को भारत आएंगे। नेशनल कोचिंग कैंप 19 जनवरी को साई, बेंगलुरु में शुरू होने वाला है। हेड कोच के तौर पर मारिन की पहली बड़ी चुनौती हैदराबाद में होने वाली हॉकी महिला वर्ल्ड कप क्वालिफायर होगा, जो 8-14 मार्च, 2026 तक होने वाला है।

End of Feed