स्पोर्ट्स

चार साल बाद सेरेना विलियम्स का धमाकेदार कमबैक, 120 MPH की स्पीड से सर्विस कर चौंकाया

प्रोफेशनल टेनिस से लगभग चार साल दूर रहने के बाद सेरेना विलियम्स ने क्वींस क्लब में जीत के साथ धमाकेदार वापसी की। उन्होंने 44 साल की उम्र में 120 MPH की स्पीड से विनिंग सर्विस कर सभी को चौंका दिया। सेरेना विलियम्स ने अपने प्रदर्शन से टेनिस जगत को बताया कि उनके खेल में अभी भी बहुत दम है।

Image

चार साल बाद टेनिस कोर्ट पर सेरेना विलियम्स की कोर्ट पर वापसी। फोटो- AP

स्पोर्ट्स डेस, नई दिल्ली। 44 साल की सेरेना विलियम्स ने चार साल बाद प्रोफेशनल टेनिस में दमदार कमबैक किया है। उन्होंने 19 साल की कनाडाई विक्टोरिया म्बोको के साथ मिलकर क्वींस क्लब ग्रास-कोर्ट टूर्नामेंट में अपना पहला डबल्स मैच जीता। मैच के दौरान सेरेना ने 120 MPH तक की स्पीड से सर्विस कर सभी को चौंका दिया।

विलियम्स और म्बोको ने तीसरी सीडेड जोड़ी निकोल मेलिचर-मार्टिनेज और एरिन रूटलिफ को 7-6 (2), 6-2 से हराया, जो 2022 यूएस ओपन के बाद विलियम्स का पहला प्रोफेशनल मैच था। अब उनका सामना क्वार्टर फाइनल में लेयला फर्नांडीज और लॉरा सीजमंड से होगा। मैच के दौरान विलियम्स ने पहले राउंड के मैच में दो एस और उसके बाद एक सर्विस विनर लगाया।

'यह बहुत मजेदार'

विलियम्स ने कोर्ट पर एक इंटरव्यू में कहा, यह बहुत मजेदार था। विक्टोरिया के साथ खेलने में मुझे बहुत मजा आया। हमने कभी साथ नहीं खेला है, लेकिन उसके साथ खेलना बहुत नैचुरल लगा।

विंबलडन पर अभी कोई फैसला नहीं

सेरेना विलियम्स अगले हफ्ते जर्मनी में बर्लिन ओपन में डबल्स भी खेलेंगी, लेकिन जीत के साथ वापसी के बाद भी, वह अभी भी तय नहीं कर पाई हैं कि उन्हें विंबलडन में अपनी वापसी को आगे बढ़ाना है या नहीं। विंबलडन की शुरुआत 29 जून से हो रही है।

टेनिस दिग्गज सेरेना विलियम्स ने 2022 यूएस ओपन से विदाई लेने के बाद से कोई मुकाबला नहीं खेला था। उस समय, उन्होंने कहा था कि वह रिटायर नहीं हो रही हैं बल्कि उन्होंने कहा कि वह टेनिस से इवॉल्व हो रही हैं।

खेल से दूर होने से पहले विलियम्स ने 23 ग्रैंड स्लैम सिंगल्स टाइटल जीते, जिसमें सात विंबलडन शामिल हैं। उन्होंने 14 ग्रैंड स्लैम डबल्स टाइटल भी जीते, जिसमें विंबलडन में छह शामिल हैं। ये सभी खिताब उन्होंने अपनी बड़ी बहन वीनस विलियम्स के साथ मिलकर जीता है।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article