स्पोर्ट्स

सात्विक-चिराग की होगी वापसी, जापान ओपन में करेंगे भारतीय चुनौती की अगुआई

सात्विक साईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की स्टार मेंस युगल जोड़ी चोट से उबरने के बाद मंगलवार से यहां शुरू होने वाले जापान ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारत की अगुआई करेगी। पिछले महीने सात्विक की कंधे की चोट के बढ़ जाने के बाद यह तीसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी इंडोनेशिया ओपन से हट गई थी।

Image

जापान ओपन में हिस्सा लेगी सात्विक और चिराग की जोड़ी। फाइल फोटो

टोक्यो (भाषा)। सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की स्टार मेंस युगल जोड़ी चोट से उबरने के बाद मंगलवार से यहां शुरू होने वाले जापान ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारत की अगुआई करेगी। पिछले महीने सात्विक की कंधे की चोट के बढ़ जाने के बाद यह तीसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी इंडोनेशिया ओपन से हट गई थी। सात्विक और चिराग अब सिंगापुर ओपन का खिताब जीतने के बाद वहीं से शुरुआत करने के लिए तैयार होंगे।

पहले दौर में उनका मुकाबला डेनमार्क के डेनियल लुंडगार्ड और मैड्स वेस्टरगार्ड से होगा। एकल में भारत का दारोमदार एक बार फिर लक्ष्य सेन, पीवी सिंधू और आयुष शेट्टी पर टिका होगा। इस साल की शुरुआत में ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने वाले लक्ष्य जापान के कोकी वातानाबे के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेंगे।

आयुष पर रहेंगी निगाहें

आयुष को अपने पहले मुकाबले में थाईलैंड के दूसरी वरीयता प्राप्त और पूर्व विश्व चैंपियन कुनलावत विटिडसर्न के खिलाफ कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा। 20 वर्षीय आयुष ने पिछले साल यूएस ओपन सुपर 300 जीता था और वह मौजूदा सत्र में बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप में उपविजेता रहे थे।

सिंधू का मलेशियाई खिलाड़ी से होगा सामना

दो बार की ओलंपिक पदक विजेता सिंधू महिला एकल में मलेशिया की वोंग लिंग चिंग से भिड़ेंगी, जबकि उन्नति हुडा अपने पहले मैच में चीनी ताइपे की हुआंग यू-हसुन का सामना करेंगी। इस साल की शुरुआत में थॉमस कप में भारत की कांस्य पदक विजेता टीम का हिस्सा रहे हरिहरन आमसकारुनन और एम आर अर्जुन मेंस युगल के पहले दौर में चीनी ताइपे के ली झे-हुई और यांग पो-ह्सुआन का सामना करेंगे।

ध्रुव कपिला और तनीशा क्रास्टो तथा रोहन कपूर और रुथविका शिवानी गड्डे की मिश्रित युगल जोड़ियां भी इस टूर्नामेंट में अपना भाग्य आजमाएंगी। ध्रुव और तनीशा का मुकाबला स्कॉटलैंड के एलेक्जेंडर डन और जूली मैकफर्सन से होगा, वहीं रोहन और रुथविका को चीन के शीर्ष वरीयता प्राप्त फेंग यान झे और हुआंग डोंग पिंग की कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा।

    Umesh Kumar
    उमेश कुमार author

    उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से... और देखें

    End of Article