Sania Mirza Reaction On Operation Sindoor: बुधवार को भारतीय सेना ने पहलगाम हमले का बदला लेते हुए पाकिस्तान के 9 आतंकी ठिकानों पर जोरदार हमले किए जिसमें तमाम आतंकियों के मारे जाने की खबर है। सेना के इस ऑपरेशन का नाम 'ऑपरेशन सिंदूर' दिया गया। देश भर में आम और खास ने सेना को इस हमले को लेकर बधाईयां दीं और पूरे देश में सभी गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। खेल जगत में सचिन तेंदुलकर से वीरेंद्र सहवाग तक तमाम हस्तियों ने इस पर अपनी प्रतिक्रियाएं दीं। अब पूर्व भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा ने भी सोशल मीडिया पर एक पोस्ट करके अपनी भावनाएं जाहिर की हैं।
सानिया मिर्जा (Instagram)
सानिया मिर्जा ने एक इंस्टाग्राम स्टोरी पोस्ट की है जिसमें एक तस्वीर के साथ उन्होंने अपनी बात दुनिया तक पहुंचाने का प्रयास किया है। सानिया द्वारा पोस्ट की गई तस्वीर एक पत्रकार का पोस्ट है जिसे उन्होंने शेयर किया। ये तस्वीर उस प्रेस कॉन्फ्रेंस की है जिसमें विदेश सचिव विक्रम मिसरी के साथ कर्नल सोफिया कुरेशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने इंडियन आर्मी और एयर फोर्स के संयुक्त ऑपरेशन की पूरी जानकारी देश को दी थी।
इस तस्वीर के साथ लिखा हुआ है- 'इस शक्तिशाली तस्वीर में संदेश साफ है कि एक देश के रूप में हम क्या हैं।' सानिया संदेश देना चाह रही हैं कि भारत में धर्म या पुरुष-महिला भेदभाव नहीं है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में दो महिलाएं भी मौजूद हैं जो दोनों भारतीय सेना का हिस्सा हैं और अलग-अलग धर्म से ताल्लुक रखती हैं।
