ढाका: गत चैंपियन भारत ने सुहैल अहमद भट के दो गोल की मदद से गुरुवार को ग्रुप मैच में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान पर 3-2 की जीत के साथ अपने सैफ चैंपियनशिप अभियान की शुरुआत की। श्रीनगर के खिलाड़ी भट ने ढाका के नेशनल स्टेडियम में खेले गए ग्रुप बी मैच में 13वें और 19वें मिनट में गोल किए जबकि मैंगलेंथांग किपगेन ने 31वें मिनट में गोल दागा जिससे पहले हाफ तक भारत 3-0 से आगे था। पाकिस्तान ने इंजरी टाइम में दो गोल किए। नजीब उल्लाह ने 90+1वें और आलमगीर गाजी ने 90+4वें मिनट ने गोल किए।
भारत बनाम पाकिस्तान (फोटो क्रेडिट @mohunbagansg X)
पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे दर्जे की टीम ने हासिल की जीत
भारत ने अंडर-23 कोच नौशाद मूसा के मार्गदर्शन में दूसरे दर्जे की टीम उतारी क्योंकि मुख्य टीम 12 और 15 नवंबर को न्यूजीलैंड के खिलाफ दो अंतरराष्ट्रीय मैत्री मैच खेलने के लिए रवाना होने वाली है। इस मैच के लिए मूसा के पास केवल 17 खिलाड़ी उपलब्ध थे क्योंकि इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) क्लब मौजूदा सत्र के बीच खिलाड़ियों को 'रिलीज' नहीं करना चाहते क्योंकि यह फीफा की अंतरराष्ट्रीय मैच विंडो (नौ से 17 नवंबर) के बाहर कराया जा रहा है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: Asian Champions Trophy: भारत ने जापान को फाइनल में पटखनी देकर जड़ी एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में खिताबी हैट्रिक
मालदीव के खिलाफ मुकाबले के लिए खिलाड़ियों के रिलीज होने की है उम्मीद
आईएसएल क्लबों से उम्मीद है कि वे 11 नवंबर को मालदीव के खिलाफ अगले मैच के लिए अपने खिलाड़ियों को रिलीज कर देंगे। इसके बाद टीम में 28 खिलाड़ी होने की उम्मीद है। पाकिस्तान भी डेनमार्क में जन्मे डिफेंडर अब्दुल्ला इकबाल के बिना खेल रहा था क्योंकि यह मैच फीफा विंडो के अंदर नहीं आता है। वह स्वीडन में म्याल्बी एआईएफ के लिए खेलते हैं। प्रत्येक ग्रुप की शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी।
(भाषा)
