स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। टेनिस जगत के दिग्गज खिलाड़ी रोजर फेडरर को इंटरनेशल टेनिस हॉल ऑफ फेम में शामिल किया गया। शनिवार को इस अवसर पर स्पीच देने के दौरान रोजर फेडरर कई बार भावुक हो गए और उनकी आंखों में आंसू आ गए। जब न्यूपोर्ट में हॉल के एंट्री पर बने ग्रास हॉर्सशू कोर्ट पर सूरज ढल रहा था, तब टैन सूट पहने 45 साल के फेडरर भाषण देने के लिए स्टेज पर पहुंचे। उन्होंने अपनी पत्नी मिर्का को चूमा और गले लगाया। फेडरर टेनिस करियर में 20 ग्रैंड स्लैम सिंगल्स टाइटल जीतने वाले पहले खिलाड़ी हैं। वह टेनिस हॉल ऑफ फेम में शामिल होने वाले 272वें फेमर बने।
फेडरर और कैरोलो हॉल ऑफ फेम में शामिल। फोटो- AP
फ़ेडरर को पूर्व खिलाड़ी मैरी कैरिलो के साथ शामिल हॉल ऑफ फेम में शामिल किया गया। इंडक्शन सेरेमनी शुरू होने से लगभग 90 मिनट पहले सेंटर कोर्ट पर हुए हॉल के पहले रेड-कार्पेट शो के दौरान फेडरर को "स्विस मेस्ट्रो" कहा गया। फेडरर की पत्नी ने स्पीच से पहले उनका परिचय दिया। इसके बाद फेडरर ने फैंस के लिए भावुक स्पीच दी।
लगभग आधे घंटे दिया भाषण
अपने भावुक स्पीच में फेडरर ने कहा, ओह मैन, यह बहुत ऊंचे स्तर का है और इसके बाद वैसा ही कुछ करना मुश्किल है। सच कहूं तो मैं थोड़ा तनाव में था। लगभग 30 मिनट के अपने भाषण के दौरान फेडरर कई बार भावुक हो गए। फेडरर अपने शानदार मूवमेंट और नेट पर तेजी से पहुंचने की क्षमता के साथ-साथ अपने मजबूत वन-हैंड बैकहैंड के लिए जाने जाते हैं। इसकी बदौलत वे ATP रैंकिंग में लगातार 237 हफ्तों तक दुनिया के नंबर-1 खिलाड़ी रहे।
सभी का किया शुक्रिया
भाषण के बीच में, जब उन्होंने अपने बचपन के हीरो स्टीफन एडबर्ग के बारे में बात की तो उनके लिए बोलना मुश्किल हो गया। उन्होंने कहा कि ये 'खुशी के आंसू' हैं। इसके बाद, जब उन्होंने अपने लंबे समय के कोच सेवरिन लुथी के बारे में बात की तो वे फिर से भावुक हो गए। फिर वे अपनी यात्रा में मदद करने के लिए पत्नी मिर्का का शुक्रिया अदा किया। फेडरर ने बॉल बॉयज का शुक्रिया अदा करते हुए और खिलाड़ियों को खेल को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए प्रोत्साहित करते हुए अपनी बात खत्म की।
कैरिलो ने कहा- मेरे सपनों से भी परे
45 साल के फेडरर ने अपने करियर के दौरान 8 विंबलडन खिताब जीते हैं और वे उन 8 दिग्गजों की लिस्ट में शामिल हैं जिन्होंने करियर ग्रैंड स्लैम जीते हैं। उन्होंने 6 ऑस्ट्रेलियन ओपन और 2009 में फ्रेंच ओपन जीता। 69 वर्षीय कैरिलो, हॉल ऑफ फेम में शामिल होने के बाद भावुक दिखीं। उन्होंने कहा, आप लोगों के साथ यहां इन गेट्स से गुजरना, मेरे सपनों से भी परे था।
