मैक्सिको सिटी: रफेल मारकेज को विश्व कप 2030 के लिये मैक्सिको फुटबॉल टीम का कोच बनाया गया है। मैक्सिको फुटबॉल महासंघ ने बुधवार को इसकी घोषणा की कि बार्सीलोना के पूर्व स्टार मारकेज को जेवियर एगिरे की जगह मुख्य कोच बनाया गया है। अगस्त 2024 से मारकेज टीम में एगिरे के सहायक थे। एगिरे ने बतौर खिलाड़ी पांच विश्व कप खेले, 1999 कांफेडरेशन कप जीता और 2003 तथा 2011 में गोल्ड कप खिताब भी अपने नाम किये। मैक्सिको की टीम को अभी कोई मैच नहीं खेलना है लिहाजा मारकेज का पदार्पण सितंबर अक्टूबर में फीफा की अंतरराष्ट्रीय विंडो के दौरान होगा। फीफा वर्ल्ड कप 2030 का आयोजन मोरक्को, पुर्तगाल और स्पेन की मेजबानी में होना है।
रफेल मारकेज
इंग्लैंड के खिलाफ मिली प्री क्वार्टर फाइनल में हार
सह मेजबान मैक्सिको ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन किया। मैक्सिको नॉक आउट राउंड में पहुंचने वाली पहली टीम बना था। उसका शानदार सफर राउंड ऑफ 16 तक जारी रहा। इंग्लैंड के खिलाफ मैक्सिको को हार के सामना करना पड़ा और वो क्वार्टर फाइनल में पहुंचने से चूक गई। मैक्सिको की टीम इंग्लैंड से अंतिम 16 राउंड के मुकाबले में 2-3 से हारकर विश्व कप से बाहर हो गई और उसका विश्व चैंपियन बनने का सपना अधूरा रह गया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: FIFA World Cup Closing Ceremony: सितारों से सजा होगा फुटबॉल वर्ल्ड कप का समापन समारोह, जस्टिन बीबर से लेकर शकीरा-मैडोना का दिखेगा जलवा
फीफा विश्व कप 2026 में नौवें पायदान पर रहा मैक्सिको
मैक्सिको ने टूर्नामेंट में प्री क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। ग्रुप ए में मैक्सिको ने अपने शुरुआती तीन मैच जीते। मैक्सिको ने कुल 6 गोल किए और उसके खिलाफ कोई टीम गोल नहीं कर सकी। मैक्सिको की टीम ग्रुप ए में 9 अंक के साथ टॉप पर रही। इसके बाद मेजबान टीम ने राउंड ऑफ 32 में इक्वाडोर को 2-0 के अंतर से मात देकर प्री क्वार्टर फाइनल में एंट्री की। 1986 के बाद पहली बार मैक्सिको नॉकआउट दौर में मैच जीतने में सफल रहा। फीफा वर्ल्ड कप 2026 का अंत मैक्सिको ने नौवें स्थान पर (+7 गोल अंतर) रहते हुए किया।
