स्पोर्ट्स

25 साल बाद विंबलडन टेनिस चैंपियनशिप में 'वाइल्ड कार्ड' एंट्री ने किया कमाल, ब्रिटेन की आर्थर फेरी सेमीफाइनल में पहुंचे

Wild Card Entry Arthur Fery Creates History In Wimbledon: विंबलडन टेनिस चैंपियनशिप में 25 साल बाद कोई वाइल्ड कार्ड एंट्री हासिल करने वाला खिलाड़ी पुरुष एकल वर्ग के सेमीफाइनल में पहुंच गया है। ब्रिटेन के 23 वर्षीय आर्थर फेरी ने ये इतिहास रचा है।

Image

वाइल्ड कार्ड एंट्री आर्थर फेरी विंबलडन सेमीफाइनल में पहुंचे

Photo : AP

Wild Card Entry Arthur Fery Reaches In Wimledon Semi Finals: टेनिस विश्व रैंकिंग में 114वें स्थान पर काबिज ब्रिटेन के वाइल्ड कार्डधारी आर्थर फेरी ने विम्बलडन के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। 23 वर्ष के फेरी ने नौवीं वरीयता प्राप्त फ्लावियो कोबोली को 6-4, 7-6, 6-0 से हराया। यह मुकाबला देखने के लिये रॉयल बॉक्स में ब्रिटेन की महारानी कैमिला भी मौजूद थीं। इससे पहले पुरूष एकल वर्ग में वाइल्ड कार्ड के जरिये सेमीफाइनल तक पहुंचने का कमाल गोरान इवानीसेविच ने 2001 में किया था।

मैच में पहला सेट जीतने के बाद दर्शकों ने खड़े होकर फेरी का अभिवादन किया। उन्होंने टाइब्रेकर में दूसरा सेट जीता और तीसरे सेट में एकतरफा जीत दर्ज की। दूसरे कोर्ट पर अलेक्जेंडर ज्वेरेव ने टेलर फ्रिट्ज को 6-4, 6-4, 6-2 से हराया और अब वह फेरी से सेमीफाइनल में खेलेंगे।

महिला वर्ग में मार्ता कोस्तियुक ने जैसमीन पाओलिनी को 6-3, 6-2 से हराकर अंतिम चार में जगह बनाई। अब वह लिंडा नोस्कोवा से खेलेंगी जिन्होंने एलिसे मर्टेंस को 6-3, 7-5 से हराया। दूसरे सेमीफाइनल में कोको गाफ का सामना कैरोलिना मुचोवा से होगा।

उधर, पुरुष सिंगल्स के सबसे चर्चित व बड़े मुकाबले में नोवाक जोकोविच विंबलडन 2026 के सेमीफाइनल में जानिक सिनर का सामना करेंगे। यह मैच बहुत अहम है। जोकोविच अपने 25वें ग्रैंड स्लैम खिताब की तलाश में हैं और यह उपलब्धि हासिल करने का इससे बेहतर मौका उन्हें शायद ही मिले। सात बार के चैंपियन जोकोविच ग्रास कोर्ट पर अपनी महारत के लिए जाने जाते हैं और सिनर के खिलाफ़ मुकाबले में उन्हें मानसिक बढ़त भी हासिल होगी, क्योंकि उन्होंने इस साल की शुरुआत में ऑस्ट्रेलियन ओपन में सिनर को हराया था। पिछले साल विंबलडन में सीधे सेटों में हारने के मुकाबले, इस साल नोवाक के पास सिनर को हराने का बेहतर मौका है, लेकिन इसके लिए उन्हें एक बार फिर शानदार खेल दिखाना होगा। ऑस्ट्रेलियन ओपन में जोकोविच से हारने के बाद से सिनर अपने सबसे अच्छे फ़ॉर्म में नहीं दिखे हैं।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article