Novak Djokovic: US ओपन 2026 में टेनिस जगत को सबसे बड़ा झटका लगा है। 24 ग्रैंड स्लैम जीतने वाले नोवाक जोकोविच पहले ही राउंड में बाहर हो गए। उन्हें अर्जेंटीना के मारियानो नावोन ने 5 सेट तक चले कड़े मुकाबले में 7-6, 5-7, 4-6, 6-2, 6-1 से हरा दिया। यह मैच आर्थर ऐश स्टेडियम में 4 घंटे 36 मिनट तक चला। इस हार के साथ ही जोकोविच का 20 साल पुराना रिकॉर्ड भी टूट गया। जोकोविच 2006 ऑस्ट्रेलियन ओपन के बाद से कभी भी किसी ग्रैंड स्लैम के पहले दौर में नहीं हारे थे। अब यह सिलसिला खत्म हो गया और उनका 25वां ग्रैंड स्लैम जीतने का सपना भी टूट गया।
खराब थी जोकोविच की तबियत
मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में जोकोविच ने अपनी तबीयत को लेकर बड़ा खुलासा किया। उन्होंने कहा कि मैच के दौरान उनका शरीर पूरी तरह से टूट गया था। उन्होंने कहा, "यह साफ दिख रहा था कि कोर्ट पर मेरी हालत बहुत खराब थी। यह कोई नई बात नहीं है, इस साल मैं हर टूर्नामेंट में इसी परेशानी से गुजर रहा हूं।" उन्होंने बताया कि चौथे गेम से ही उन्हें उल्टी, पूरे शरीर में ऐंठन और कमर में तेज दर्द शुरू हो गया था। जोकोविच ने कहा, "मुझे लगातार उल्टियां हो रही थीं। फिर क्रैंप आने लगा, पूरे शरीर में दर्द। आखिर में मेरी पीठ और कंधे ने काम करना बंद कर दिया। मैं चाहकर भी मैच को खत्म नहीं कर पाया।"
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- US Open में सबसे बड़ा उलटफेर, 24 ग्रैंड स्लैम चैंपियन नोवाक जोकोविच को अर्जेंटीनी खिलाड़ी ने हराकर बाहर किया
जोकोविच ने तीसरा सेट जीतकर बढ़त बनाई थी और चौथे सेट में वह एक ब्रेक से आगे भी थे। उन्हें लगा था कि वह मैच निकाल लेंगे, लेकिन शरीर ने साथ नहीं दिया। उन्होंने कहा, "मैं नहीं चाहता कि मेरी हार से नावोन की जीत छोटी हो जाए। वह एक शानदार फाइटर है, उसे बधाई। लेकिन सच कहूं तो मुझे कोर्ट पर एक मिनट भी अच्छा नहीं लगा।" पांचवें सेट में जब स्कोर 1-3 था, तब दर्शकों ने जोकोविच के लिए जमकर शोर मचाया। 39 साल के जोकोविच उस प्यार को देखकर रो पड़े।
जोकोविच ने कहा, "भीड़ अविश्वसनीय थी। उन्होंने शुरू से आखिर तक मुझे उठाने की कोशिश की। मुझे बुरा लग रहा है कि मैं उनके लिए अच्छा नहीं खेल पाया। लेकिन उन्होंने अंत में जो प्यार दिया, उसने मेरा दिल छू लिया। मैंने कोर्ट पर बिताए हर पल से नफरत की, पर दर्शकों के प्यार के लिए आभारी हूं।"
