Neeru Dhanda Asian Games 2026: भारतीय महिला शॉटगन निशानेबाज नीरू ढांडा ने एशियाई खेलों में गोल्ड मेडल की उम्मीद जगा दी है। वर्ल्ड रैंकिंग में 13वें नंबर पर काबिज 26 साल की नीरू ने महिला ट्रैप क्वालिफाइंग में 4 राउंड के बाद 95 अंकों के साथ लीड ले ली है। अभी तक किसी भी भारतीय महिला ने इस स्पर्धा में एशियन गेम्स का गोल्ड नहीं जीता है, ऐसे में नीरू इतिहास रचने के करीब हैं। हरियाणा के जींद की रहने वाली और आर्मी में नायब सूबेदार नीरू हाल ही में लोनाटो ISSF वर्ल्ड कप में शॉटगन में गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनी थीं। उसी फॉर्म को उन्होंने आइची-नागोया में भी बरकरार रखा है।
नीरू ढांडा (फोटो साभार- @adgpi)
नीरू ढांडा से गोल्ड मेडल की उम्मीद
रविवार को पहले दो राउंड में उन्होंने 24-24 का स्कोर किया था और सोमवार को तीसरे-चौथे राउंड में 24 और 23 मारकर टोटल 95 कर लिया। वह कतर की बासिल रे से 1 पॉइंट आगे हैं, जबकि तीन अन्य शूटर 93 अंकों पर हैं। मंगलवार को पांचवें और आखिरी 25 शॉट के राउंड के बाद टॉप-8 शूटर फाइनल में जाएंगे। टीम इवेंट में भी भारत मेडल की रेस में है। नीरू के साथ मनीषा कीर और आशिमा अहलावत दोनों 84-84 अंकों के साथ 20वें स्थान पर हैं। तीनों का कुल स्कोर 263 है और भारत तीसरे नंबर पर है। चीन 278 अंकों के साथ पहले और कुवैत 265 के साथ दूसरे पर है। महिला ट्रैप में सिर्फ 6 टीमें हैं, इसलिए भारत का टीम मेडल लगभग पक्का माना जा रहा है।
मंगलवार को आखिरी क्वालिफाइंग राउंड
उधर पुरुषों के ट्रैप में युवा शूटर शपथ भारद्वाज ने शानदार वापसी की है। रविवार को 24 और 21 के निराशाजनक स्कोर के बाद सोमवार को उन्होंने दो परफेक्ट 25-25 के राउंड खेले और 95 अंकों के साथ संयुक्त पांचवें स्थान पर पहुंच गए। टॉप पर चीनी ताइपे के यांग कुन पी 98 अंकों के साथ हैं, उनके बाद चीन के क्यूई यिंग 97 पर हैं। कुवैत के तलल अलराशिदी और खालिद अलमुधाफ 96-96 पर संयुक्त तीसरे स्थान पर हैं। भारत के दूसरे शूटर काइनन चेनाई 91 अंकों के साथ 16वें और अहवर रिजवी 87 अंकों के साथ 31वें स्थान पर हैं। टीम रैंकिंग में शपथ, काइनन और अहवर का कुल 273 है और भारत 6वें नंबर पर है, जबकि कुवैत 287 के साथ टॉप पर है। अब सबकी नजरें मंगलवार के आखिरी क्वालिफाइंग राउंड पर हैं, जहां नीरू से पहले भारतीय महिला ट्रैप गोल्ड की उम्मीद है।
