FIFA World Cup 2022: मेसी की विश्व चैंपियन बनने की उम्मीदें बरकरार, नीदरलैंड को हराकर सेमीफाइनल में अर्जेंटीना

  • Agency by: Agency
  • Updated Dec 10, 2022, 10:36 AM IST

Argentina vs Netherlands FIFA World Cup 2022 Quarterfinal Match: दिग्गज फुटबॉलर लियोनल मेसी की विश्व चैंपियन बनने की उम्मीदें बरकरार हैं। अर्जेंटीना की टीम ने फीफा विश्व कप 2022 के सेमीफाइनल में एंट्री कर ली है। अर्जेंटीना ने क्वार्टर फाइनल में नीदरलैंड को शिकस्त दी।

लुसैल: अर्जेंटीना ने एक बेहद संघर्षपूर्ण मैच में शुक्रवार को यहां नीदरलैंड को पेनल्टी शूटआउट में 4-3 से पराजित करके विश्व कप के सेमीफाइनल में जगह बनाकर लियोनल मेसी के विश्व चैंपियन बनने की उम्मीदों को पंख लगाए। मेसी ने शूटआउट में अपनी पेनल्टी गोल में बदली जबकि अर्जेंटीना के गोलकीपर एमिलियानो मार्टिनेज ने नीदरलैंड के दो प्रयासों को विफल किया। अर्जेंटीना की तरफ से लुटारो मार्टिनेज ने निर्णायक पेनल्टी पर गोल किया। मैच अतिरिक्त समय में 2-2 से बराबरी पर था इसके बाद पेनल्टी शूटआउट का सहारा लिया। मेसी ने मैच में एक गोल दागा जबकि एक गोल करने में मदद की। नीदरलैंड ने दूसरे हाफ के इंजरी टाइम के 11वें मिनट में गोल करके मैच को अतिरिक्त समय तक खींचा।

लियोनल मेसी

अर्जेंटीना मंगलवार को सेमीफाइनल में क्रोएशिया से भिड़ेगा, जिसने एक अन्य क्वार्टर फाइनल में ब्राजील को पेनल्टी शूटआउट में 4-2 से हराया। यह 1990 के बाद केवल दूसरा अवसर है जबकि अर्जेंटीना विश्वकप के अंतिम चार में जगह बनाने में सफल रहा। मेसी 2014 में उस टीम का हिस्सा थे जिसे फाइनल में जर्मनी से हार का सामना करना पड़ा था। मेसी एक बार फिर टीम को आगे बढ़ाने के मूड में दिखे, क्योंकि उनकी उपलब्धियों के अपार संग्रह में विश्वकप ट्रॉफी शामिल नहीं है। लुटारो मार्टिनेज ने पेनल्टी शूटआउट में जब निर्णायक गोल दागा तो मेसी इस स्ट्राइकर की तरफ नहीं भागे और उन्होंने तेजी से दौड़ लगाकर गोलकीपर को अपनी बाहों में भरा।

End of Feed