कोलकाता के लेक टाउन इलाके में सोमवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया जब लोगों ने दिग्गज फुटबॉलर लियोनेल मेस्सी की विशाल प्रतिमा को हवा में हिलते हुए देखा। वीआईपी रोड के किनारे लगे इस 70 फुट ऊंचे स्टैच्यू को देखकर राहगीर घबरा गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मामला सामने आते ही पुलिस और लोक निर्माण विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। अधिकारियों ने बताया कि यह प्रतिमा भूमिगत पैदल यात्री क्रॉसिंग के ऊपर लगाई गई है। जांच में पता चला कि मुख्य ढांचे में लगे पेंच ढीले हो गए थे। इसी वजह से तेज हवा में प्रतिमा में हलचल दिख रही थी। पीडब्ल्यूडी के इंजीनियरों ने मौके पर ही मरम्मत का काम शुरू कर दिया और समस्या ठीक कर दी गई। एक अधिकारी ने कहा, "पेंच ढीले होने से मूर्ति हिलती हुई दिखी। अब इसे पूरी तरह से सुरक्षित कर दिया गया है।"
मेसी की प्रतिमा (PTI)
पिछले साल मेस्सी ने किया था अनावरण
इस विशाल प्रतिमा का अनावरण पिछले साल दिसंबर में खुद लियोनेल मेस्सी ने अपने कोलकाता दौरे के दौरान रिमोट कंट्रोल के जरिए किया था। अर्जेंटीना के इस दिग्गज खिलाड़ी के फैंस के लिए यह प्रतिमा खास आकर्षण का केंद्र बन गई थी। लेकिन अनावरण के कुछ समय बाद ही यह ढांचा विवादों में घिर गया था। कोर्ट में पहले ही इस प्रतिमा को लेकर सवाल उठ चुके हैं। याचिका में पूछा गया था कि क्या यह प्रतिमा सरकारी जमीन पर लगाई गई है और क्या इसके लिए सभी जरूरी मंजूरियां ली गई थीं। स्थानीय लोगों का भी आरोप है कि वीआईपी रोड जैसे व्यस्त इलाके में इतनी बड़ी प्रतिमा लगाने से पहले सुरक्षा के सख्त इंतजाम होने चाहिए थे। लोगों ने पूछा कि क्या सभी प्रक्रियाओं और अनापत्ति प्रमाणपत्रों का पालन किया गया था।
70 फीट ऊंची प्रतिमा से हो सकता था बड़ा हादसा
फिलहाल पीडब्ल्यूडी ने ढांचे की मरम्मत कर दी है और कहा है कि अब कोई खतरा नहीं है। हालांकि, अधिकारियों ने भरोसा दिया है कि एहतियात के तौर पर इस जगह की लगातार निगरानी की जाएगी। दोपहर में जब लोगों ने प्रतिमा को हिलते देखा तो लेक टाउन पुलिस थाने को खबर दी गई। पुलिस ने तुरंत पीडब्ल्यूडी को जानकारी दी, जिसके बाद इंजीनियरों की टीम पहुंची। वीआईपी रोड कोलकाता की सबसे व्यस्त सड़कों में से एक है। ऐसे में 70 फुट ऊंची प्रतिमा में आई खराबी ने बड़ा हादसा भी करा सकती थी। गनीमत रही कि समय रहते समस्या पकड़ में आ गई। अब देखना होगा कि इस प्रतिमा की मंजूरी और सुरक्षा मानकों पर उठ रहे सवालों का प्रशासन क्या जवाब देता है।
