स्पोर्ट्स

ISSF शॉटगन विश्व कप: नीरू ढांडा का परफेक्ट स्कोर, क्वालीफाइंग में टॉप पर पहुंचीं

ISSF Shotgun World Cup: नीरू के लिए यह फॉर्म नई नहीं है। मई में अल्माटी में हुए आईएसएसएफ विश्व कप में उन्होंने मिश्रित ट्रैप टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था। हालांकि भारत की बाकी दो महिला निशानेबाजों के लिए दिन अच्छा नहीं रहा। मनीषा कीर तीन राउंड के बाद 69 अंक लेकर 17वें स्थान पर हैं।

Image

नीरू ढांडा (फोटो साभार- neerudhanda125)

ISSF Shotgun World Cup: भारत की नीरू ढांडा ने आईएसएसएफ शॉटगन विश्व कप की महिला ट्रैप स्पर्धा में शानदार शुरुआत की है। शुक्रवार को क्वालीफाइंग के पहले तीन राउंड के बाद नीरू ने ‘परफेक्ट’ स्कोर के साथ बढ़त बना ली है। मौजूदा एशियाई और राष्ट्रीय चैंपियन 26 वर्षीय नीरू ने तीनों राउंड में लगातार 25-25 निशाने लगाए। इस तरह 75 में से 75 अंक के साथ वह 106 निशानेबाजों में शीर्ष पर हैं। नीरू का यह प्रदर्शन दबाव में भी उनकी सटीकता और फोकस को दिखाता है। उन्होंने अमेरिका की राहेल टोज़ियर और स्लोवाकिया की जुज़ाना रेहाक स्टेफेसेकोवा पर दो अंक की बढ़त बना रखी है। दोनों खिलाड़ियों के 73-73 अंक हैं।

शॉटगन विश्व कप में भारत का शानदार प्रदर्शन

नीरू के लिए यह फॉर्म नई नहीं है। मई में अल्माटी में हुए आईएसएसएफ विश्व कप में उन्होंने मिश्रित ट्रैप टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था। हालांकि भारत की बाकी दो महिला निशानेबाजों के लिए दिन अच्छा नहीं रहा। मनीषा कीर तीन राउंड के बाद 69 अंक लेकर 17वें स्थान पर हैं। वहीं आशिमा अहलावत 61 अंक के साथ 84वें स्थान पर हैं। क्वालीफाइंग के अभी दो राउंड बाकी हैं और शीर्ष आठ निशानेबाज ही फाइनल में जगह बनाएंगे। ऐसे में मनीषा और आशिमा की फाइनल में पहुंचने की संभावना बेहद कम दिख रही है।

पुरुष ट्रैप में भारतीय निशानेबाजों का दिन निराशाजनक

दूसरी ओर पुरुष ट्रैप में भारतीय निशानेबाजों का पहला दिन निराशाजनक रहा। एशियाई खेलों के लिए चुने गए अहवर रिजवी 75 में से 70 अंक ही बना सके और लगभग दो दर्जन निशानेबाजों के साथ 59वें स्थान पर हैं। शपथ भारद्वाज ने 68 का स्कोर किया और 103वें स्थान पर हैं। अनुभवी काइनन चेनाई के लिए दिन और खराब रहा। वे 67 अंक के साथ 208 निशानेबाजों में 117वें स्थान पर हैं। तीनों के लिए अब फाइनल की रेस लगभग खत्म मानी जा रही है। क्वालीफाइंग के अभी दो राउंड बाकी हैं। नीरू ढांडा अगर यही लय बरकरार रखती हैं तो भारत को इस विश्व कप में महिला ट्रैप का पदक मिल सकता है। फाइनल में पहुंचने के लिए टॉप-8 में रहना जरूरी है और फिलहाल नीरू सबसे मजबूत स्थिति में हैं।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article