FIFA World Cup 2026: विश्व फुटबॉल की सर्वोच्च संस्था फीफा विश्व कप 2026 से कमाई का कोई मौका नहीं छोड़ना चाहती। टिकटों और मर्चेंडाइज की ऊंची कीमतों को लेकर पहले से आलोचना झेल रही फीफा ने अब फाइनल मैच की पिच के टुकड़े बेचने का ऐलान किया है। न्यू जर्सी के मेटलाइफ स्टेडियम में 19 जुलाई को होने वाले फाइनल में इस्तेमाल होने वाली असली पिच के हर टुकड़े की कीमत 450 डॉलर रखी गई है। भारतीय रुपये में यह रकम लगभग 43,000 रुपये बैठती है। फीफा के आधिकारिक स्टोर के अनुसार, पिच के हर टुकड़े का आकार 17.5 x 17.5 x 17.5 है। हालांकि स्टोर पर यह साफ नहीं किया गया कि यह माप इंच में है, सेंटीमीटर में या मिलीमीटर में। फीफा ने इस बारे में भेजे गए ईमेल का फिलहाल कोई जवाब नहीं दिया है।
फैंस ऑर्डर कर सकते हैं पिच का टुकड़ा
फीफा की वेबसाइट पर लिखा है, “फुटबॉल इतिहास के एक प्रामाणिक हिस्से को अपने पास संजोकर रखें, जो फीफा विश्व कप 2026 के फाइनल की पिच का एक टुकड़ा है।” यानी फैंस फाइनल की याद को अपने घर में सजा सकेंगे। फिलहाल ये टुकड़े सिर्फ अमेरिका और यूरोप के पते पर ही डिलीवर किए जाएंगे। दुनिया के बाकी देशों के फुटबॉल प्रेमी अभी ऑर्डर नहीं कर सकते। फीफा ने बताया कि फैंस अभी से प्री-ऑर्डर कर सकते हैं और फाइनल मैच के बाद उनके पते पर पिच का टुकड़ा भेज दिया जाएगा।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- धड़ाधड़ नीचे गिरे फीफा विश्व कप टिकटों के दाम, पहले से तीन गुना तक हुए सस्ते
फाइनल मैच के टिकटों की कीमत 33 लाख
फीफा पहले से ही टिकटों की कीमतों को लेकर विवादों में है। फाइनल के लिए सामान्य टिकट 32,970 डॉलर यानी करीब 31.5 लाख रुपये तक में बेचे जा रहे हैं। वहीं जिन टिकटों के साथ खाना और पेय पदार्थ शामिल हैं, उनकी कीमत 34,500 डॉलर यानी लगभग 33 लाख रुपये है। पिच के टुकड़े बेचने के फैसले पर सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रिया आ रही है। कुछ फैंस इसे यादगार कलेक्शन बता रहे हैं, तो कई लोग फीफा पर ‘हर चीज बेचकर पैसा बनाने’ का आरोप लगा रहे हैं। खेल मार्केटिंग विशेषज्ञों का मानना है कि फीफा अब खेल के हर पहलू को कमाई का जरिया बना रहा है। मेटलाइफ स्टेडियम की पिच को फाइनल के लिए खास तौर पर तैयार किया जा रहा है। मैच के बाद इसे छोटे-छोटे हिस्सों में काटकर पैक किया जाएगा।
