Davis Cup Qualifier Round 2: भारत ने सितंबर में दक्षिण कोरिया के खिलाफ होने वाले डेविस कप क्वालीफायर राउंड-2 के लिए टीम का ऐलान कर दिया है। चयनकर्ताओं ने फरवरी में नीदरलैंड को हराने वाली विजेता टीम में सिर्फ एक बदलाव किया है। 19 वर्षीय मानस धामने को पहली बार सीनियर डेविस कप टीम में जगह मिली है। विश्व रैंकिंग में 362वें नंबर पर काबिज धामने लंबे समय से टीम में जगह बनाने की कतार में थे। वह अब सुमित नागल और दक्षिणेश्वर सुरेश के साथ भारत के एकल दल का हिस्सा होंगे। नागल की रैंकिंग 235 है जबकि बेंगलुरु में हीरो बने सुरेश 393वें नंबर पर हैं।
डेविस कप क्वालिफायर राउंड 2 के लिए भारतीय टीम का ऐलान (फोटो साभार- manasdhamne)
नीदरलैंड वाली टीम बरकरार
फरवरी में बेंगलुरु में भारत ने नीदरलैंड को 3-2 से हराकर इतिहास रचा था। 2019 में नए प्रारूप के बाद ये पहली बार था जब भारत क्वालीफायर के दूसरे दौर में पहुंचा। उसी टीम को बरकरार रखते हुए चयनकर्ताओं ने निरंतरता दिखाई है। युगल में भारत की सबसे मजबूत जोड़ी युकी भांबरी और एन श्रीराम बालाजी एक बार फिर टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। युकी की रैंकिंग 28 और बालाजी की 57 है। रिजर्व में सिद्धार्थ रावत और जूनियर ग्रैंड स्लैम खेल चुके उभरते खिलाड़ी अर्णव पापरकर को रखा गया है।
चयन समिति के एक सदस्य ने कहा कि ज्यादातर खिलाड़ियों का चयन प्रदर्शन के आधार पर तय था। पिछली बार धामने उपलब्ध नहीं थे, इस बार हैं। कप्तान हालात देखकर अंतिम एकल जोड़ी तय करेंगे। अर्णव को भविष्य को ध्यान में रखकर टीम में शामिल किया गया है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- मात्र 11 साल की भारतीय बच्ची ने रचा इतिहास, ब्रिटिश शतरंज चैंपियनशिप जीतकर बनाया रिकॉर्ड
सुरेश बने थे मैच विनर
नीदरलैंड के खिलाफ 26 साल के दक्षिणेश्वर सुरेश स्टार रहे थे। उन्होंने दोनों एकल और युगल में जीत दर्ज की थी। वो डेविस कप मैच में तीनों जीत में योगदान देने वाले पहले भारतीय बने। निर्णायक मुकाबले में उन्होंने दुनिया के 162वें नंबर के गाय डेन औडेन को 6-4, 7-6 से हराकर भारत को जीत दिलाई थी। उससे पहले उन्होंने 88वें नंबर के जेस्पर डि जोंग को भी सीधे सेटों में मात दी थी।
सोल में फाइनल-8 का टिकट दांव पर
भारत और दक्षिण कोरिया के बीच ये मुकाबला सोल के हार्ड कोर्ट पर खेला जाएगा। इस मुकाबले की विजेता टीम नवंबर में होने वाले डेविस कप फाइनल-8 के लिए क्वालिफाई करेगी। मौजूदा प्रारूप में भारत के पास पहली बार एलीट-8 में पहुंचने का मौका है।
भारत की टीम:
एकल: सुमित नागल, दक्षिणेश्वर सुरेश, मानस धामने
युगल: युकी भांबरी, एन श्रीराम बालाजी
रिजर्व: अर्णव पापरकर, सिद्धार्थ रावत
