एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में भारतीय टीम ने जापान को हराकर लगाई जीत की हैट्रिक

भारत ने एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में जीत की हैट्रिक लगा ली। भारत ने शुक्रवार को खेले गए मुकाबले में जापान को 4-1 से हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की। जापान के लिए एकमात्र गोल शोता यामादा (15वें मिनट) ने पेनल्टी स्ट्रोक पर किया।

पांच बार की चैंपियन भारतीय हॉकी टीम ने स्ट्राइकर अभिषेक नैन के दो गोल की मदद से शुक्रवार को यहां पुरुष एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए जापान को 4-1 से हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की। भारत ने इससे पहले अपने शुरुआती दो मुकाबलों में बांग्लादेश को 13-0 से रौंदा था जबकि चीन को 5-2 से हराया था। वहीं जापान ने दक्षिण कोरिया को 3-2 और बांग्लादेश को 1-0 से मात दी थी। भारत की ओर से अभिषेक (11वें और 51वें मिनट) ने दो मैदानी गोल किए। कप्तान हरमनप्रीत सिंह (47वें मिनट) ने टीम को मिले एकमात्र पेनल्टी कॉर्नर पर गोल किया जबकि विष्णुकांत सिंह (56वें मिनट) ने भी मैदानी गोल दागा। जापान के लिए एकमात्र गोल शोता यामादा (15वें मिनट) ने पेनल्टी स्ट्रोक पर किया।

Hockey India

भारतीय हॉकी टीम (साभार-X)

एशियाई खेलों की चैंपियन भारतीय टीम का अगला मुकाबला रविवार को मलेशिया से होगा। भारत ने हाल में आइची-नागोया एशियाई खेलों में मलेशिया को 5-1 से हराया था। वहीं जापान का सामना चीन से होगा। भारतीय टीम ने मैच की शुरुआत धीमी की। जापान ने शुरुआती मिनटों में गेंद पर नियंत्रण बनाए रखा और दूसरे मिनट में पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया। हालांकि केन नागायोशी का प्रयास लक्ष्य से बाहर चला गया। भारतीय मिडफील्ड और फॉरवर्ड खिलाड़ियों के बीच तालमेल की कमी साफ नजर आई। उपकप्तान हार्दिक सिंह ने अधिकांश जिम्मेदारी संभाली, लेकिन उन्हें अन्य खिलाड़ियों से ज्यादा सहयोग नहीं मिला।

End of Feed