स्पोर्ट्स

विश्व कप के जरिये एशियाई खेलों की तैयारी करेगी भारतीय तीरंदाजी टीम

नये चेहरों के साथ उतर रही भारतीय तीरंदाजी टीम मंगलवार से शुरू हो रहे विश्व कप तीसरे चरण के जरिये आगामी एशियाई खेलों की तैयारी शुरू करेगी। स्टार तीरंदाज दीपिका कुमारी का महिला रिकर्व टीम में नहीं होना चर्चा का केंद्र है, जबकि पिछले महीने ही वह शंघाई में विश्व कप स्वर्ण जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थी।

Image

भारतीय तीरंदाजी टीम। फाइल फोटो

अंताल्या। नये चेहरों के साथ उतर रही भारतीय तीरंदाजी टीम मंगलवार से शुरू हो रहे विश्व कप तीसरे चरण के जरिये आगामी एशियाई खेलों की तैयारी शुरू करेगी। स्टार तीरंदाज दीपिका कुमारी का महिला रिकर्व टीम में नहीं होना चर्चा का केंद्र है, जबकि पिछले महीने ही वह शंघाई में विश्व कप स्वर्ण जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थी। भारत ने ओलंपिक चैम्पियन दक्षिण कोरिया और मेजबान चीन को हराते हुए खिताब जीता था।

शंघाई विश्व कप के बाद भारतीय तीरंदाजी संघ ने विश्व कप के तीसरे और चौथे चरण के साथ एशियाई खेलों के लिये भी चयन ट्रायल आयोजित किये। ट्रायल में दीपिका, उनके ओलंपियन पति अतनु दास और एशियाई खेल कंपाउंड चैम्पियन ओजस देवताले शीर्ष तीन में नहीं रहे। एशियाई खेलों में हर वर्ग में तीन तीरंदाज ही खेल सकते हैं जबकि दीपिका और अतनु चौथे स्थान पर रहे थे। वे चौथे सदस्य के रूप में विश्व कप टीम का हिस्सा हैं लेकिन टीम स्पर्धा में नहीं उतर सकेंगे।

चार बार की ओलंपियन दीपिका शूटआफ में झारखंड की ही अंकिता भकत से हार गई। कीर्ति शर्मा और कुमकुम मोहोद पहले दो स्थान पर रहे। चार बार ओलंपिक खेलने के बावजूद दीपिका ने पदक नहीं जीता है और एशियाई खेलों में भी 2010 में टीम वर्ग का कांस्य ही जीत सकी है। एशियाई खेलों के ट्रायल में शीर्ष पर रही कीर्ति शर्मा ने पिछले साल ही एशिया कप सर्किट में पदार्पण करके रिधि फोर और रूमा बिस्वास के साथ टीम कांस्य पदक जीता था।

मेंस टीम में ओलंपियन धीरज बोम्मदेवरा, नीरज चौहान और यशदीप भोगे हैं। कंपाउंड वर्ग में भारत ने हांगझोउ एशियाई खेल 2023 में पांचों स्वर्ण पदक जीता थे लेकिन उसके बाद से प्रदर्शन खराब हुआ है । इतालवी कोच सर्जियो पाग्नी दक्षिण कोरिया चले गए और अमेरिका के डेव कजिंस भारत के नये कोच बने । उन्हें विश्व कप से पहले टीम से जुड़ना था लेकिन वीजा संबंधित देरी के कारण वह अभी तक पहुंच नहीं सके हैं। शंघाई में भारत की महिला और पुरूष कंपाउंड टीमें खाली हाथ लौटी थी। मेंस टीम में साहिल जाधव, कुशल दलाल और तिरूमुरू गणेश मणिरत्नम हैं जबकि महिला टीम में ज्योति सुरेखा वेन्नम, चिकिता तानीपर्थी और प्रिथिका प्रदीप हैं।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article