World Yogasana Championship: भारत ने पहली विश्व योगासन चैंपियनशिप के पहले दिन ही कमाल कर दिया। शुक्रवार को मेजबान भारत ने 6 में से 5 गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिए। पूरी दुनिया से आए खिलाड़ियों के बीच भारतीय योगासन खिलाड़ियों का दबदबा साफ दिखा। पश्चिम बंगाल के अभय बर्मन ने सीनियर पुरुष वर्ग के पारंपरिक योगासन में भारत को पहला गोल्ड दिलाया। अभय ने 63.42 अंक हासिल किए। इंडोनेशिया के अरकान रियांतो 57.23 अंक के साथ दूसरे और उजबेकिस्तान की एलेन 53.21 अंक के साथ तीसरे नंबर पर रहीं।
विश्व योगासन चैंपियनशिप (X/@mansukhmandviya)
जीते 6 में से 5 गोल्ड मेडल
सीनियर महिला वर्ग में रितु मंडल ने 64.33 अंक लेकर गोल्ड जीता। कजाखस्तान की ऐजान के को 58.97 अंक के साथ सिल्वर और हांगकांग की लाम एंगा मेन को 56.98 अंक के साथ ब्रॉन्ज मिला। जीत के बाद रितु ने कहा, "भारत के लिए मेडल जीतना सपना सच होने जैसा है। मैंने 12 साल की उम्र से योग शुरू किया और 8 साल की मेहनत के बाद ये मेडल मिला।" सीनियर ए महिला वर्ग में भारत की रितु ठाकुर ने 63.50 अंक के साथ गोल्ड जीता। अर्जेंटीना की नबीला सोल बाराजा दूसरे और कीनिया की अवुयोर साउलिन्हा तीसरे स्थान पर रहीं। सीनियर पुरुष बी वर्ग में रोशन थापा ने गोल्ड जीता। बांग्लादेश के मोहम्मद मामून खान बाबू को सिल्वर और किर्गीस्तान के दानिल रिकोव को ब्रॉन्ज मिला।
सिंगापुर ने तोड़ा भारत का सपना
सीनियर ए पुरुष वर्ग में भारत सभी 6 गोल्ड नहीं जीत पाया। सिंगापुर के नाथनियल तान लियोंग अन ने गोल्ड जीत लिया। तंजानिया के करीमू स्वाफी को सिल्वर और भारत के सुमीर नावाली को ब्रॉन्ज से संतोष करना पड़ा। 'ट्विस्टिंग बॉडी' व्यक्तिगत सीनियर बी महिला वर्ग में ज्योति देउरकर ने गोल्ड अपने नाम किया। उन्होंने ओमान की ओलिमुथु नवामनी और जापान की साओरी कुयेइ को पीछे छोड़ा। भारत ने इस चैंपियनशिप में 122 खिलाड़ियों का बड़ा दल उतारा है। भारतीय खिलाड़ी 6 अलग-अलग वर्गों में हिस्सा ले रहे हैं। पहले दिन के प्रदर्शन से साफ है कि योगासन में भारत को हराना आसान नहीं होगा।
