हिसोर (ताजिकिस्तान)। पिछले मुकाबले में ताजिकिस्तान से करारी शिकस्त झेलने के बाद भारतीय फुटबॉल टीम मंगलवार को इस प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ दूसरे और अंतिम अंतरराष्ट्रीय मैत्री मैच में अपनी गिरती हुई लय पर विराम लगाने और सम्मान बचाने के इरादे से मैदान में उतरेगी। ताजिकिस्तान ने शुक्रवार को इसी मैदान पर खेले गये मुकाबले में भारत को 3-1 से हराया था। पूरे मैच के दौरान भारतीय टीम रक्षापंक्ति की गलतियों, मध्यपंक्ति में तालमेल और रचनात्मकता की कमी दिखी। इसके साथ ही आक्रमण पंक्ति भी सीमित अवसरों को भुनाने में विफल रही।
भारत ने पिछले साल अगस्त में सीएएफए नेशंस कप में ताजिकिस्तान को हराया था। वह राष्ट्रीय टीम के मुख्य कोच खालिद जमील का पहला मुकाबला था। टीम हालांकि उस जीत से प्रेरणा लेने में नाकाम रही और पिछले महीने लंदन में खेले गए यूनिटी कप से चला आ रहा खराब प्रदर्शन जारी है। यूनिटी कप में भारत को जमैका से 0-2 और जिम्बाब्वे से 0-1 से हार मिली थी। लगातार तीन हार झेल चुकी भारतीय टीम ने पिछले साल अगस्त से अब तक खेले गए 12 मुकाबलों में केवल तीन जीत दर्ज की हैं।
भारत शुक्रवार की हार के बाद फीफा रैंकिंग में तीन स्थान फिसलकर 139वें पायदान पर पहुंच गया, जबकि ताजिकिस्तान तीन स्थान की छलांग लगाकर 100वें स्थान पर है। भारत यूनिटी कप और ताजिकिस्तान के खिलाफ पहला मैत्री मैच मोहन बागान सुपर जायंट के सात खिलाड़ियों के बिना खेला। मोहन बागान ने फीफा विंडो का हवाला देते हुए यूनिटी कप के लिए आखिरी समय में अपने खिलाड़ियों को राष्ट्रीय टीम के लिए छोड़ने से इनकार कर दिया था। इसके बाद अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) को ताजिकिस्तान दौरे के दो मैत्री मैचों के लिए मोहम्मद सनान कुंडोयी, विक्रम प्रताप सिंह और मैकार्टन लुई निक्सन को ताजिकिस्तान के खिलाफ घोषित 22 सदस्यीय टीम में शामिल किया।
एशियाई कप के लिए क्वालीफाइ करने में नाकाम रहने के बाद भारत की रैंकिंग में लगातार गिरावट आ रही है तो वहीं पिछले साल अगस्त में भारत से हार का सामना करने के बाद ताजिकिस्तान पिछले सात मैचों में अजेय है। टीम ने एशियाई कप के लिए क्वालीफिकेशन भी हासिल कर लिया है। दोनों टीम के बीच सात मैचों में चार ताजिकिस्तान ने जीते है जबकि भारत को दो सफलता मिली है। एक मैच बराबरी पर छूटा है।
भारतीय टीम :
गोलकीपर: गुरप्रीत सिंह संधू, ऋतिक तिवारी, अल्बिनो गोम्स।
डिफेंडर: राहुल भेके, निखिल बरला, निखिल पुजारी, रोशन सिंह नाओरेम, संदेश झिंगन, आकाश मिश्रा, बिजॉय वर्गीस, प्रमवीर।
मिडफील्डर: जैकसन सिंह थौनाओजाम, नौफल पीएन, रिकी शाबोंग, मैकार्टन लुई निक्सन।
फॉरवर्ड: एडमंड लालरिंडिका, ललियानजुआला छांगते, रहीम अली, फारुख चौधरी, मोहम्मद सनान कुंडोयी, विक्रम प्रताप सिंह और पार्थिब गोगोई।
मुकाबला भारतीय समयानुसार रात 8:30 बजे शुरू होगा।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- वैभव सूर्यवंशी के खेल पर फिदा हुईं कंगना रनौत, कर डाली अनोखी डिमांड
