Kangana Ranaut on Vaibhav Sooryavanshi: 15 साल के वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी का जादू सिर्फ क्रिकेट फैंस पर ही नहीं, बल्कि बॉलीवुड गलियारों पर भी चल पड़ा है। भारतीय T20I टीम में चुने जाने के बाद वैभव सूर्यवंशी को हर तरफ से तारीफें मिल रही हैं। अब इस लिस्ट में नया नाम जुड़ा है बॉलीवुड की 'क्वीन' और BJP सांसद कंगना रनौत का। कंगना ने वैभव की जमकर तारीफ करते हुए एक अनोखी डिमांड भी रख दी है। एक इंटरव्यू के दौरान जब कंगना रनौत से वैभव सूर्यवंशी को लेकर सवाल हुआ तो उन्होंने दिल खोलकर जवाब दिया। इस दौरान कंगना ने बोला कि हमारे पास क्रिकेट देखने का टाइम नहीं होता है, लेकिन मैं क्रिकेट में इस यंग मैन को बेस्ट विशेज देती हूं।
सचिन-विराट की तरह अच्छा करें वैभव
कंगना ने इसके आगे कहा, 'वह भी सचिन और विराट की तरह अच्छा करें। उस पर प्रेशर नहीं है, मगर वर्ल्ड कप लेकर आओ यार।' कंगना का ये अंदाज फैंस को खूब पसंद आ रहा है। कंगना ने कहा कि वो सच में चाहती हैं कि वैभव आने वाले समय में सचिन तेंदुलकर या विराट कोहली से भी बड़े खिलाड़ी बनकर उभरें। कंगना ने वैभव की कामयाबी पर खुशी जताई। इसके साथ ही उन्हें भविष्य के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने हंसते हुए यह भी जोड़ दिया कि वैभव दिखने में भी काफी अच्छे लग रहे हैं।
IPL में मचाया था धमाल
गौरतलब है कि वैभव सूर्यवंशी ने हाल ही में खत्म हुए IPL 2026 में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए अपने बल्ले से धमाल मचा दिया था। उन्होंने इस दौरान सबसे ज्यादा 776 रन बनाए। इसके साथ ही वैभव सूर्यवंशी को सीजन का ऑरेंज कैप दिया गया। वैभव सूर्यवंशी ने इस सीजन के 5 अवॉर्ड अपने नाम किए। वैभव ने इसी IPL में क्रिस गेल के सबसे अधिक छक्कों का रिकॉर्ड भी तोड़ा। वैभव ने 72 छक्के जड़ते हुए क्रिस गेल के 59 छक्कों का रिकॉर्ड चकनाचूर कर दिया। इसी प्रदर्शन के दम पर उन्हें आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए टीम इंडिया में चुना गया है।
