Hero Asia Cup 2025: राजगीर में शुक्रवार को होगा 12वें एशिया कप का आगाज, हॉकी इंडिया ने दर्शकों को दी मुफ्त टिकटों की सौगात

बिहार के राजगीर में पुरुषों की हॉकी के 12वें एशिया कप का आगाज शुक्रवार 29 अगस्त को होने जा रहा है। टूर्नामेंट में आठ टीमें भाग ले रही है। हॉकी इंडिया ने टूर्नामेंट के लिए मुफ्त टिकट देने का ऐलान किया है।

पटना: हीरो पुरुष एशिया हॉकी कप 2025 के इंतजार की घड़ी आखिरकार खत्म हो गई। शुक्रवार 29 अगस्त को बिहार के राजगीर में हॉकी दिग्गज मेजर ध्यानचंद की जयंती 'राष्ट्रीय खेल दिवस' पर पर 12वें हॉकी एशिया कप का आगाज होने जा रहा है। टूर्नामेंट में आठ शीर्ष एशियाई देश, भारत, जापान, चीन, कजाकिस्तान, मलेशिया, कोरिया, बांग्लादेश और चीनी ताइपे की टीमें हिस्सा ले रही हैं। सभी टीमें राजगीर पहुंच चुकी हैं जहां हीरो एशिया कप 2025 के लिए 10 दिन एक दूसरे के साथ प्रतिस्पर्धा करती दिखाई देंगी। राजगीर के विभिन्न होटलों में खिलाड़ियों के ठहरने के लिए पर्याप्त सुविधाएं और सुरक्षा व्यवस्था की गई है, जबकि भारतीय हॉकी टीम के सदस्य खेल परिसर में ठहरेंगे। टूर्नामेंट के सभी मैच 29 अगस्त से 7 सितंबर तक राजगीर के अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर में खेले जाएंगे। टूर्नामेंट का खिताबी मुकाबला 7 सितंबर को खेला जाएगा।

Hero Asia Cup 2025

हीरो हॉकी एशिया कप 2025

एफआईएच हॉकी विश्व कप 2026 के लिए है ये क्वालीफायर टूर्नामेंट

सभी आठ टीमों के लिए यह टूर्नामेंट इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि यह एफआईएच हॉकी विश्व कप 2026 के लिए क्वालीफायर टूर्नामेंट भी है। इस वजह से इस आयोजन की महत्ता और बढ़ गई है। इससे पहले आयोजित एशिया कप के 11 संस्करणों में सबसे ज्यादा 5 खिताब डिफेंडिग चैंपियन दक्षिण कोरिया ने जीते हैं। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक-सह-सीईओ रवींद्रन शंकरन ने कहा,'यह पहली बार है कि पुरुष एशिया हॉकी कप बिहार के राजगीर में आयोजित किया जा रहा है। यह एशिया कप का 12वां संस्करण है जिसमें आठ टीमें भाग ले रही हैं।' उन्होंने बताया कि अब तक आयोजित 11 संस्करणों में से, गत विजेता दक्षिण कोरिया पुरुष एशिया कप में भाग लेने वाली सबसे सफल टीम है, क्योंकि उसने 1994, 1999, 2009, 2013 और 2022 में पांच बार खिताब जीता है, जबकि मेजबान भारत 2003, 2007 और 2017 में खिताबी जीत हासिल करने में सफल रहा है। टूर्नामेंट से नाम वापस ले चुके पाकिस्तान ने भी 1982, 1985 और 1989 में तीन बार यह खिताब जीता है।

End of Feed