FIFA World Cup Final: 20 जुलाई की सुबह फुटबॉल की दुनिया की सारी निगाहें न्यू जर्सी के ईस्ट रदरफोर्ड स्थित न्यू यॉर्क न्यू जर्सी स्टेडियम पर होंगी। यहीं 2026 फीफा वर्ल्ड कप का फाइनल खेला जाएगा, जिसमें मौजूदा यूरो चैंपियन स्पेन और डिफेंडिंग वर्ल्ड चैंपियन अर्जेंटीना आमने-सामने होंगे। यह टूर्नामेंट का 104वां और सबसे बड़ा मुकाबला होगा। लेकिन फाइनल से पहले ही यह स्टेडियम इतिहास बना चुका है। वर्ल्ड कप 2026 में यहां अब तक 7 मैच खेले जा चुके हैं और 5.6 लाख से ज्यादा दर्शक स्टैंड्स में पहुंच चुके हैं। हर मैच ने फैंस को रोमांच से भर दिया।
इस सीजन हुए 7 यादगार मुकाबले
न्यू जर्सी स्टेडियम में इस वर्ल्ड कप 7 यादगार मुकाबले खेले गए। ग्रुप स्टेज में मोरक्को और ब्राजील की टक्कर सबसे चर्चित रही। 2022 में सेमीफाइनल तक पहुंचने वाली पहली अफ्रीकी टीम मोरक्को ने पांच बार की चैंपियन ब्राजील को कड़ी टक्कर दी। इस्माइल सैबारी के खूबसूरत लूप शॉट से मोरक्को आगे हुआ, मगर विनिसियस जूनियर ने हाफ टाइम से पहले स्कोर 1-1 कर दिया।
इसके बाद फ्रांस और सेनेगल आमने-सामने आए। साल 2002 में सेनेगल ने फ्रांस को हराकर सबको चौंकाया था, लेकिन इस बार कहानी अलग रही। किलियन एमबापे ने दो गोल दागे और इसी के साथ वह फ्रांस के ऑल टाइम टॉप स्कोरर बन गए। ब्रैडली बारकोला ने भी गोल किया। सेनेगल के इब्राहिम एमबाये का शॉट सिर्फ सांत्वना बना। फ्रांस 3-1 से जीता।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- FIFA का बड़ा ऐलान, वर्ल्ड कप 2026 में चैंपियन टीम को पहली बार मिलेगी स्पेशल रिंग
इक्वाडोर ने जर्मनी को हराकर किया उलटफेर
ग्रुप स्टेज में ही इक्वाडोर ने जर्मनी को हराकर बड़ा उलटफेर किया। पहले दो मैच में बिना गोल के सिर्फ एक अंक जुटाने वाली इक्वाडोर के लिए यह करो या मरो का मैच था। लेरॉय साने ने दूसरे मिनट में ही जर्मनी को बढ़त दिला दी, लेकिन निल्सन अंगुलो ने तुरंत बराबरी की। गोंजालो प्लाटा ने विजयी गोल दागकर इक्वाडोर को राउंड ऑफ 32 में पहुंचा दिया।
राउंड ऑफ 32 में फ्रांस फिर इसी मैदान पर लौटा। एमबापे ने दो गोल किए और वर्ल्ड कप के ऑल टाइम स्कोरर लिस्ट में दूसरे नंबर पर पहुंच गए। बारकोला ने भी गोल किया। फ्रांस ने 3-0 से जीत दर्ज की।
नॉर्वे-ब्राजील का क्वार्टर फाइनल
क्वार्टर फाइनल में नॉर्वे ने ब्राजील को बाहर कर इतिहास रचा। एर्लिंग हालैंड ने हेडर और दमदार शॉट से दो गोल किए और एमबापे-मेस्सी के साथ 7 गोल पर गोल्डन बूट की रेस में बराबरी पर आ गए। नेमार ने इंजरी टाइम में पेनल्टी पर गोल किया, लेकिन ब्राजील का सफर खत्म हो गया।
अब फाइनल की बारी
अब सभी की निगाहें 20 जुलाई पर टिकी हैं। क्या स्पेन 2010 के बाद दूसरी बार चैंपियन बनेगा? या अर्जेंटीना 1962 में ब्राजील के बाद लगातार दो वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम बनेगी? मेस्सी के पास करियर का सबसे शानदार अंत करने का मौका है।
