स्पोर्ट्स

FIFA World Cup 2026 Schedule: फुटबॉल वर्ल्ड कप का पूरा शेड्यूल, भारतीय फैंस को रातें करनी होंगी कुर्बान

जून 11 से अमेरिका, कानाडा और मैक्सिको की मेजबानी में 2026 फीफा वर्ल्ड कप खेला जाएगा। 16 शहरों में कुल 104 मुकाबले खेले जाएंगे। 48 टीमें खिताब जीतने के लिए एक दूसरे से भिड़ेंगी। अर्जेंटीना अपना खिताब डिफेंड करने उतरेगी। वहीं, पिछले बार की उप-विजेता फ्रांस इस बार खिताब जीतने के लिए अपना सबकुछ झोंक देगी।

Image

फीफा वर्ल्ड कप 2026 का पूरा शेड्यूल

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका, कानाडा और मैक्सिको की मेजबानी में 11 जून से फीफा वर्ल्ड कप 2026 खेला जाएगा। 16 शहरों में कुल 104 मुकाबले खेले जाएंगे। 48 टीमें खिताब जीतने के लिए एक दूसरे से भिड़ेंगी। 19 जुलाई को एक देश फीफा विश्व कप ट्रॉफी उठाएगा और उसे अपने घर ले जाएगा। सभी टीमों को 12 ग्रुप में बांटा गया है। इस बार केप वर्डे, कुराकाओ, जॉर्डन और उज्बेकिस्तान सहित 4 देश विश्व कप में पहली बार भाग ले रहे हैं।

यह टूर्नामेंट 39 दिन तक चलेगा। इससे पहले विश्व कप में 32 टीम भाग लेती थी और यह पहला अवसर है, जबकि इस टूर्नामेंट में 48 टीम शामिल हैं। इससे पहले विश्व कप में टीमों की संख्या 1998 में बढ़ाई गई थी। इसके अलावा यह पहला अवसर है जबकि तीन देश मिलकर विश्व कप का आयोजन कर रहे हैं। इससे पहले 2002 में जापान और दक्षिण कोरिया ने संयुक्त रूप से विश्व कप की मेजबानी की थी।

फीफा वर्ल्ड कप 2026 का पूरा शेड्यूल

FIFA World Cup 2026 Schedule

भारतीय फैंस को देनी पड़ेगी कुर्बानी

विश्व कप अमेरिका के 11, मेक्सिको के तीन और कनाडा के दो स्थलों पर खेला जाएगा। मेक्सिको 13 मैचों की मेजबानी करेगा। कनाडा में भी कुल 13 मैच होंगे। कनाडा में तीन नॉकआउट मैच भी खेले जाएंगे। बाकी 78 मैच अमेरिका में खेले जाएंगे। अमेरिका में क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल खेले जाएंगे। भारतीय फैंस को मैच लुत्फ लेने के लिए अपनी रातें कुर्बान करनी पड़ सकती हैं। क्योंकि, भारतीय समयानुसार, अधिकत्तर मैच रात में खेले जाएंगे।

1248 खिलाड़ी लेंगे हिस्सा

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में कुल 1248 खिलाड़ी शामिल होंगे, जो 71 देशों के 449 घरेलू क्लबों से आए हैं। इनमें 357 खिलाड़ी विश्व कप में पहले खेल चुके हैं, जबकि 891 खिलाड़ी पहली बार इस टूर्नामेंट में भाग लेंगे। इंग्लैंड के क्लबों में खेलने वाले सर्वाधिक 200 खिलाड़ी विश्व कप में अपना जलवा दिखाएंगे। इसके बाद जर्मनी (109)), फ्रांस (86), स्पेन (86), इटली (71) और सऊदी अरब (49) का स्थान आता है।

फीफा वर्ल्ड कप का संक्षिप्त इतिहास

केवल 8 देशों ने विश्व कप जीता है, जिनमें से छह टीमों ने एक से अधिक खिताब जीते हैं। ब्राजील पांच खिताब के साथ सबसे आगे है। केवल 2 देशों ने ही लगातार दूसरी बार चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया है। पेले के नेतृत्व में ब्राजील ने 1958 और 1962 में खिताब जीता था, जबकि इटली ने 1934 और 1938 में खिताब अपने नाम किया था।

फ्रांस लगातार 3 फाइनल में पहुंचने वाला तीसरा देश बनने की कोशिश करेगा। इससे पहले उसने 2018 में खिताब जीता था, लेकिन 2022 में वह हार गया। पश्चिम जर्मनी 1982 और 1986 में फाइनल हार गया था, जिसके बाद उसने 1990 में अर्जेंटीना को हराया था। ब्राजील ने 1994 और 2002 में जीत हासिल की थी, जबकि 1998 में उसे फ्रांस से खिताबी मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा था।

ब्राजील एकमात्र ऐसा देश है जिसने 1930 में उरुग्वे में शुरू हुए विश्व कप से लेकर अब तक सभी विश्व कप में भाग लिया है। ब्राजील 76 जीत, 237 गोल और 129-0 के गोल अंतर के साथ सभी देशों में सबसे आगे है।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article