FIDE World Cup 2025: ग्रैंडमास्टर अर्जुन एरिगैसी की हार के साथ ही फिडे विश्व कप 2025 में भारत की चुनौती निराशाजनक तरीके से समाप्त हो गई है। भारत की आखिरी उम्मीद माने जा रहे अर्जुन को बुधवार को खेले गए रोमांचक क्वार्टर फाइनल टाईब्रेक में चीन के ग्रैंडमास्टर वेई यी (Wei Yi) के हाथों शिकस्त का सामना करना पड़ा। इस हार के बाद विश्व कप में भाग लेने वाले 24 भारतीय खिलाड़ियों का सफर अब खत्म हो चुका है।
अर्जुन एरिेगेसी (फोटो -PTI)
टाईब्रेक में वेई यी ने दी मात
अर्जुन एरिगैसी क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाले एकमात्र भारतीय खिलाड़ी थे। क्लासिकल गेम्स के ड्रॉ होने के बाद, टाईब्रेक हमेशा से ही एक पेचीदा मुकाबला माना जा रहा था।
पहला टाईब्रेक गेम: अर्जुन ने काले मोहरों से फ्रेंच डिफेंस का विकल्प चुना। भारतीय खिलाड़ी बीच के खेल में मुश्किल में दिख रहे थे, लेकिन 27वीं चाल में वेई यी की एक सुरक्षित चाल चुनने की गलती ने अर्जुन को वापसी करने का मौका दिया। यह गेम 66 चालों के बाद ड्रॉ पर समाप्त हुआ।
दूसरा टाईब्रेक गेम और हार: अर्जुन को सफेद मोहरों से दूसरे गेम में जीत हासिल करने के लिए वेई के पेत्रोव डिफेंस को तोड़ना पड़ा। हालांकि, चीनी खिलाड़ी अपनी रणनीति पर डटा रहा और अंततः 79 चालों के बाद जीत हासिल कर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।
मैच के बाद वेई यी ने कहा, "मैं खुश और उत्साहित हूं कि मैं इतने मजबूत खिलाड़ी को हरा सका। पहले गेम में, मेरे पास मध्य और अंतिम गेम में कई मौके थे, लेकिन मैं रास्ता नहीं खोज पाया। दूसरे गेम में, वह जीतना चाहता था और उसने कुछ जोखिम भरे दांव खेले, और मुझे एहसास हुआ कि मेरे पास जीतने के मौके हैं।"
सेमीफाइनल की लाइनअप हुई तय
अन्य टाईब्रेक मुकाबलों में ग्रैंडमास्टर आंद्रे एसिपेंको और जावोखिर सिंडारोव ने सेमीफाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली है।
पहला सेमीफाइनल: ग्रैंडमास्टर आंद्रे एसिपेंको ने टाईब्रेक के दूसरे चरण में ग्रैंडमास्टर सैम शैंकलैंड को हराया। रैपिड गेम्स के पहले सेट में दोनों ने एक-एक गेम जीता था, लेकिन दूसरे सेट में एसिपेंको ने लगातार दो गेम जीतकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। अब सेमीफाइनल में उनका मुकाबला वेई यी से होगा।
दूसरा सेमीफाइनल: ग्रैंडमास्टर जावोखिर सिंडारोव ने भी टाईब्रेक के दूसरे सेट में मार्टिनेज अलकांतारा और जोस एडुआर्डो को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
