Federation Cup Senior Athletics Championships 2023: फेडरेशन कप सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप से पहले स्टार स्प्रिंटर (धाविका) हिमा दास को झटका लगा है। ऐसा इसलिए क्योंकि वह बिरसा मुंडा स्टेडियम में होने वाली इस चैंपियनशिप से बाहर हो गई हैं। बीते महीने पैर की मांसपेशियों में चोट के चलते उनके साथ ऐसा हुआ है।
Federation Cup Senior Athletics Championships 2023: स्टार स्प्रिंटर हिमा दास। (फाइल)
फर्राटा धाविका फिलहाल पैर की मांसपेशियों की चोट से जूझ रही हैं, जो उन्हें 15 अप्रैल, 2023 को कर्नाटक के बेंगलुरू में इंडियन ग्रां प्री चार से ठीक पहले लगी थी।
समाचार एजेंसी पीटीआई-भाषा को इस बारे में एक टॉप सूत्र ने नाम न छापने की शर्त पर बताया, ‘‘यह (हिमा की चोट) पीठ की पुरानी समस्या नहीं है बल्कि पैर की मांसपेशियों की चोट है। बेंगलुरू में इंडियन ग्रां प्री चार से ठीक एक दिन पहले उन्हें चोट लगी थी।’’
सूत्र ने आगे कहा- वह रिहैबिलिटेशन के दौर से गुजर रही हैं। हम उम्मीद कर रहे हैं कि वह भुवनेश्वर में राष्ट्रीय अंतर राज्यीय चैंपियनशिप (15-19 जून) में वापसी करेंगी।
वैसे, बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेता त्रिकूद खिलाड़ी एल्डहोज पॉल, रजत पदक विजेता अविनाश साबले (3000 मीटर स्टीपलचेज) और मुरली श्रीशंकर (लंबी कूद) सहित कई शीर्ष एथलीट इस चार दिवसीय प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं लेंगे।
हालांकि, एशियाई खेलों के चैंपियन गोला फेंक खिलाड़ी तेजिंदरपाल सिंह तूर और राष्ट्रमंडल खेलों की कांस्य पदक विजेता भाला फेंक खिलाड़ी अनु रानी सोमवार (15 मई, 2023) से झारखंड के रांची में चालू होने वाली फेडरेशन कप सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
प्रतियोगिता के पहले दिन पांच स्पर्धाओं में पदक दांव पर लगे होंगे जिनमें पुरुष और महिला दोनों वर्ग में सुबह के सत्र में 10 हजार मीटर की दौड़ भी है। शाम के सत्र में महिला तार गोला फेंक और तीन हजार मीटर पुरुष और महिला स्टीपलचेज स्पर्धाएं होंगी। पहले दिन पुरुष 100 मीटर और 400 मीटर दौड़ की शुरुआत दौर की स्पर्धाएं भी होंगी।
