नई दिल्ली: दिल्ली उच्च न्यायालय ने गुरुवार को निर्देश दिया कि अखिल भारतीय टेनिस संघ (एआईटीए) के शुक्रवार को होने वाले चुनाव के परिणाम अगले आदेश तक सीलबंद लिफाफे में रखे जाएं। कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नितिन वासुदेव सांबरे और न्यायमूर्ति संजय शर्मा की पीठ ने कहा,'चुनाव होने दें।' साथ ही अदालत ने एआईटीए को अगले आदेश तक कोई बड़ा नीतिगत फैसला लेने और वित्तीय लेनदेन करने से रोक दिया।
ऑलइंडिया टेनिस एसोसिएशन चुनाव
सोमदेव देववर्मन और पूरव राजा की याचिका पर दिया आदेश
अदालत ने पूर्व टेनिस खिलाड़ियों सोमदेव देववर्मन और पूरव राजा की याचिका पर यह आदेश दिया। दोनों ने चुनाव पर रोक लगाने की मांग की थी और इस मामले में मूल याचिकाकर्ता हैं। अदालत सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति गीता मित्तल की ओर से दायर अवमानना याचिका पर भी सुनवाई कर रही थी। अदालत द्वारा नियुक्त प्रशासक मित्तल ने आरोप लगाया था कि उन्हें चुनाव प्रक्रिया, महत्वपूर्ण फैसलों और वित्तीय लेनदेन से अलग रखा गया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: भारत ने आईओसी के फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने पेश किया 2036 ओलंपिक खेलों मेजबानी का रोडमैप
बेहद अहम हैं इस बार एआईटीए का चुनाव, मैदान में हैं दिग्गज
अखिल भारतीय टेनिस संघ (एआईटीए) के इस बार के चुनाव बेहद खास हैं। भारतीय टेनिस के प्रशासनिक सुधारों के तहत पूर्व दिग्गज खिलाड़ियों को भी इसमें बड़ी भूमिका मिली है; जहां महेश भूपति और सानिया मिर्जा पहले ही उत्कृष्ट खिलाड़ियों के प्रतिनिधि के रूप में कार्यकारी समिति के लिए चुने जा चुके हैं, वहीं लिएंडर पेस उपाध्यक्ष पद के लिए और रोहित राजपाल व चिंतन पारेख अध्यक्ष पद के लिए मैदान में हैं। इन चुनावों का मुख्य उद्देश्य संघ के कामकाज में पारदर्शिता लाना और देश में टेनिस के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना है। ऐसे में विवादों के बीच सबकी नजरें चुनाव पर टिकी हुई हैं और कानूनी अड़चने भी आ रही हैं।
(भाषा)
