Cristiano Ronaldo signs legal contract with girlfriend: दुनिया के सबसे अमीर खिलाड़ियों में शुमार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो आए दिन सुर्खियों में रहते हैं, कभी अपने नए क्लब को लेकर, कभी अपनी कमाई को लेकर, कभी खेल को लेकर तो कभी अपनी लव लाइफ को लेकर भी। हाल में फुटबॉल इतिहास में सर्वाधिक अंतरराष्ट्रीय मैच (200) खेलने का रिकॉर्ड बनाने वाले रोनाल्डो इस समय अपनी गर्लफ्रेंड ज्योर्जिना रॉड्रिग्ज को लेकर चर्चा में है। एक ताजा रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि रोनाल्डो ने अपनी गर्लफ्रेंड के साथ कानूनी करार किया है।
क्रिस्टियानो रोनाल्डो (Instagram)
पिछले दिनों सउदी अरब में अल नासर फुटबॉल क्लब के साथ जब क्रिस्टियानो रोनाल्डो जुड़े तो उन्होंने 200 मिलियन यूरो सालाना की भारी-भरकम फीस के साथ करार किया था। उसके बाद अब एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि रोनाल्डो ने अपनी संपत्ति को सुरक्षित करने के लिए गर्लफ्रेंड ज्योर्जिना रोड्रिग्ज के साथ करार किया है।
रोनाल्डो और ज्योर्जिना की मुलाकात 2016 में एक रिटेल स्टोर पर हुई थी। उसके बाद दोनों का प्यार परवान चढ़ा और वे साथ रहने लगे। दोनों ने अब तक शादी नहीं की है। दोनों के अलग होने की अफवाहें कई बार सामने आ चुकी हैं लेकिन अब तक ऐसा हुआ नहीं है। अब एक बार फिर ऐसी खबरें हवा में हैं और ताजा रिपोर्ट के मुताबिक रोनाल्डो ने ज्योर्जिना के साथ कानूनी करार तक कर लिया है कि यदि दोनों अलग होते हैं तो उनकी भारी-भरकम संपत्ति का बड़ा हिस्सा ज्योर्जिना से दूर रखा जा सके।
रिपोर्ट के मुताबिक इस करार में लिखा है कि अलग होने पर रोनाल्डो ज्योर्जिना को मासिक आर्थिक मदद मुहैया कराते रहेंगे और ज्योर्जिना अपने बच्चों से भी रिश्ता बरकरार रख सकेंगी। ये मासिक आर्थिक मदद 1 लाख 9 हजार डॉलर या उससे ज्यादा भी हो सकती है। गौरतलब है कि रोनाल्डो और ज्योर्जिना पांच बच्चों के माता-पिता हैं।
