एशिया कप 2025 की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। 8 टीमों के बीच खेले जाने वाले इस टूर्नामेंट का आगाज 9 सितंबर से होने जा रहा है। हालांकि, टीम इंडिया अपना पहला मुकाबला 10 सितंबर को यूएई के खिलाफ खेलेगी। इस मुकाबले से पहले पूर्व भारतीय ऑलराउंडर युवराज सिंह ने भारत की नई सलामी जोड़ी शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा को एक खास सलाह दी है। उनका मानना है कि अगर दोनों यह सलाह मान लेंगे तो खूब रन बनाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि जो गलती उन्होंने अपने क्रिकेट खेलने के दौरान की, मेरी राय है कि ये दोनों न दोहराएं।
युवराज सिंह और शुभमन गिल (साभार-YuvraJ singh X)
युवराज सिंह की खास सलाह
युवराज सिंह क्रिकेट से संन्यास के बाद गोल्फ के करीब आए हैं और आए दिन वह इसको प्रमोट भी करते रहते हैं, लेकिन इस बार उन्होंने युवा खिलाड़ी शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा को गोल्फ खेलने की सलाह दी है। युवराज ने कहा 'मैं सभी युवा क्रिकेटरों से कहता हूं कि वे गोल्फ खेलने की कोशिश करें, गेंद को मारें और महसूस करें कि कैसा लगता है। क्योंकि कभी-कभी बहुत ज़्यादा ट्रेनिंग करना भी आपके लिए अच्छा नहीं होता। कई बार जब आप रन नहीं बना रहे होते हैं, तो आपको लगता है कि ज्यादा अभ्यास करना चाहिए। गोल्फ में भी यही होता है—आप ज्यादा गेंदें मारना चाहते हैं। लेकिन कभी-कभी आराम करना भी जरूरी होता है। युवराज यहीं नहीं रुके, उन्होंने कहा कि अगर वह अपने क्रिकेट करियर के दौरान गोल्फ खेलते तो आज उनके 3000 इंटरनेशनल रन और होते।
शुभमन और अभिषेक करेंगे ओपनिंग
एशिया कप 2025 में शुभमन गिल को टीम इंडिया का उप-कप्तान बनाया गया है। ऐसे में गिल का ओपनिंग करना तय है। उनका साथ विस्फोटक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा देंगे जो टी20 में अब तक कमाल की पारी खेल चुके हैं। दोनों पहली बार टीम इंडिया के लिए टी20 में पारी की शुरुआत करने वाले हैं। इससे पहले अभिषेक और संजू सैमसन की जोड़ी भारत के लिए ओपनिंग करती थी। भारत अपने एशिया कप का आगाज 10 सितंबर को यूएई के खिलाफ करेगा।
