मुंबई: भारत के पूर्व हरफनमौला युवराज सिंह का मानना है कि अभिषेक शर्मा, ईशान किशन और वैभव सूर्यवंशी जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को वनडे टीम में नियमित रूप से मौका नहीं देना उनकी क्षमता के साथ न्याय नहीं होगा। युवराज ने कहा,'मैं ईमानदारी से अभिषेक को वनडे टीम में खेलते देखना चाहूंगा। मैं पहले भी कह चुका हूं कि अगर हम ईशान किशन, अभिषेक और वैभव सूर्यवंशी जैसे खिलाड़ियों को 50 ओवर के प्रारूप में मौका नहीं दे रहे हैं तो कहीं न कहीं हम उनकी प्रतिभा के साथ न्याय नहीं कर रहे हैं।'
युवराज सिंह (फोटो क्रेडिट PTI)
युवाओं के लिए आसान नहीं है वनडे टीम में जगह बनाना
उल्लेखनीय है कि युवराज लंबे समय से अभिषेक के मेंटर (मार्गदर्शक) रहे हैं और उनके करियर को संवारने में अहम भूमिका निभाई है। युवराज ने हालांकि स्वीकार किया कि टीम में कई अनुभवी और शानदार खिलाड़ियों की मौजूदगी के कारण युवा खिलाड़ियों के लिए जगह बनाना आसान नहीं होता।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: जल्द टूटेगा एक ओवर में 6 छक्के का रिकॉर्ड, युवराज ने बताया नाम
अभिषेक ने जो हासिल किया वो है कड़ी मेहनत का नतीजा
उन्होंने ’प्रोटोकॉल 32’ के लॉन्च कार्यक्रम से इतर पीटीआई से कहा,'मैं समझता हूं कि हमारे पास कुछ बेहतरीन खिलाड़ी हैं और ऐसे में युवा खिलाड़ियों के लिए टीम में जगह बनाना मुश्किल है। जिस तरह से ये युवा बल्लेबाज प्रदर्शन कर रहे हैं, उम्मीद है कि उन्हें जल्द ही टीम में जगह मिलेगी। अभिषेक ने अब तक जो कुछ हासिल किया है, वह उनकी कड़ी मेहनत का नतीजा है और इसका पूरा श्रेय उन्हें ही जाता है।'
अभिषेक को नहीं मिला है वनडे टीम में मौका
अभिषेक शर्मा तकरीबन तीन साल से टीम इंडिया के सदस्य हैं। उन्हें अबतक वनडे क्रिकेट खेलने का मौका नहीं मिला है। वहीं ईशान वनडे टीम में लंबे समय बाद वापसी करने में सफल रहे हैं। उन्हें इंग्लैंड दौरे पर खेलने का मौका मिला था। न्यूजीलैंड दौरे के लिए उन्हें टीम में जगह मिली है। वहीं वैभव टी20 टीम में अपनी जगह पक्की करने में लगे हैं। हालांकि दलीप ट्रॉफी में शतक जड़कर उन्होंने अपनी काबीलियत टी20 से इतर साबित कर दी है। बीसीसीआई के लिए इन तीनों खिलाड़ियों को एक साथ वनडे टीम में जगह दे पाना आसान नहीं होगा।
