IND vs ENG 4th Test: भारत और इंग्लैंड के बीच जारी पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में अगर कोई एक खिलाड़ी हर बार फैंस की नजरों में रहा है और जिसने लगातार चमक बिखेरी है, वो हैं युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल (Yashasvi Jaiswal)। इस धुरंधर बल्लेबाज ने मौजूदा सीरीज में दो दोहरे शतक लगाकर इतिहास रचा है और रांची में खेले जा रहे सीरीज के चौथे टेस्ट मैच में भी फैंस उनसे कुछ बड़ा करने की उम्मीद लगाए बैठे थे। यशस्वी ने मैच की पहली पारी में 73 रन बनाए, लेकिन दूसरी पारी में वो 37 रन बनाकर आउट हुए, हालांकि 37 रन की इस पारी में भी उन्होंने एक खास रिकॉर्ड बना डाला।
यशस्वी जायसवाल (AP)
यशस्वी जायसवाल ने रांची टेस्ट की चौथी पारी में जो 37 रनों की पारी खेली उसके जरिए उन्होंने भारत के महान बल्लेबाज विराट कोहली (Virat Kohli) के 7 साल पुराने टेस्ट रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। यशस्वी जायसवाल ने इंग्लैंड के खिलाफ मौजूदा टेस्ट सीरीज में 655 रन बना लिए हैं। जिसके साथ ही वो इंग्लैंड के खिलाफ एक टेस्ट सीरीज में किसी भारतीय बल्लेबाज द्वारा सर्वाधिक रन बनाने के रिकॉर्ड की बराबरी करने में सफल हो गए हैं। सात साल पहले ये रिकॉर्ड विराट कोहली ने अपने नाम किया था।
विराट कोहली ने 2016/17 में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के दौरान 655 रन बनाए थे और अब यशस्वी जायसवाल ने विराट के उस रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है, और बहुत हद तक मुमकिन है कि सीरीज के पांचवें व अंतिम टेस्ट में वो विराट कोहली के इस आंकड़े से भी आगे निकल जाएंगे।
इसके अलावा, यशस्वी जायसवाल अब 45 रन दूर हैं इस सीरीज में 700 रन बनाने से। अगर वो ऐसा करने में सफल रहे तो वो महान पूर्व बल्लेबाज सुनील गावस्कर के बाद दूसरे भारतीय बल्लेबाज बनेंगे जिसने एक टेस्ट सीरीज में 700 रन का आंकड़ा छुआ है। यही नहीं, यशस्वी 120 रन दूर हैं सुनील गावस्कर के एक टेस्ट सीरीज में किसी भी भारतीय द्वारा सर्वाधिक रन बनाने के रिकॉर्ड के।
