क्रिकेट

WPL 2024, MIW vs GGW: हरमनप्रीत कौर ने खेली आतिशी कप्तानी पारी, मुंबई इंडियन्स ने दी गुजरात जायंट्स को मात

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Mar 10, 2024, 09:26 AM IST

हरमनप्रीत कौर की कप्तानी पारी की बदौलत डिफेंडिंग चैंपियन मुंबई इंडियन्स ने गुजरात जायंट्स को 7 विकेट से मात देकर अंक तालिका में पहले पायदान पर कब्जा कर लिया है।

Image

हरमनप्रीत कौर (साभार WPL)

नई दिल्ली: हरमनप्रीत कौर की 48 गेंद में 95 रन की आतिशी पारी की बदौलत मुंबई इंडियन्स ने गुजरात जायंट्स को 7 विकेट के अंतर से मात देकर अंक तालिका में पहले पायदान पर कब्जा कर लिया है। डिफेंडिंग चैंपियन मुंबई की टीम को जीत के लिए 191 रन का लक्ष्य मिला था। जिसे मुंबई ने 1 गेंद और 7 विकेट शेष रहते हासिल कर लिया। मुंबई इंडियन्स की यह सीजन की पांचवीं जीत है। 10 अंक के साथ मुंबई इंडियन्स एक बार फिर पहले पायदान पर पहुंच गई है।

हरमनप्रीत ने खेली 48 गेंद नमें 95 रन की आतिशी पारी

मुंबई इंडियन्स को जीत के लिए आखिरी 6 ओवर में 91 रन बनाने थे जो उसने हरमनप्रीत कौर की 95 रन की नाबाद पारी की बदौलत हासिल कर लिया। जीत के लिए 191 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई को यस्तिका भाटिया और हैली मैथ्यूज की जोड़ी ने तेज शुरुआत दी। दोनों ने 5.3 ओवर में 50 रन की साझेदारी पूरी कर ली। लेकिन सातवें ओवर की तीसरी गेंद पर मैथ्यूज 18 रन बनाकर तनूजा कंवर की गेंद पर स्नेह राणा के हाथों लपकी गईं। इसके थोड़ी देर बाद बल्लेबाजी करने आई नैट सीवर ब्रंट को शबनम इस्माइल ने राणा के हाथों कैच करा दिया।

आखिरी 36 गेंद में मुंबई ने 92 रन बनाकर जीती बाजी

7.3 ओवर में 57 के स्कोर पर 2 विकेट गंवाने के बाद यस्तिका भाटिया और हरमनप्रीत कौर ने पारी को आगे बढ़ाया। दोनों ने स्कोर को 98 रन तक पहुंचाया। 14वें ओवर की तीसरी गेंद पर ये साझेदारी टूट गई। यस्तिका 36 गेंद में 49 रन बनाकर एश्ली गार्डनर के हाथों लपकी गईं। 14 ओवर में मुंबई की टीम 100 रन 3 विकेट के नुकसान पर बना सकी थी।जीत के लिए 36 गेंद में 91 रन मुंबई को बनाने थे। ऐसे में कप्तान हरमनप्रीत कौर ने मोर्चा संभालते हुए टीम को एमेलिया कर के साथ मिलकर एक गेंद और 7 विकेट शेष रहते जीत दिला दी। हरमनप्रीत 48 गेंद में 95 रन बनाकर नाबाद रहीं। उन्होंने 10 चौके और 5 छक्के जड़े। वहीं एमेलिया कर ने 10 गेंद में 12 रन बनाकर नाबाद रहीं।

गुजरात जायंट्स ने बनाए 190/7 रन

मैच में गुजरात ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। गुजरात जाइंट्स ने गत चैम्पियन मुंबई इंडियंस के खिलाफ शनिवार को अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में सात विकेट पर 190 रन का स्कोर खड़ा किया। मूनी ने 35 गेंद में आठ चौकों और तीन छक्कों की मदद से 66 रन की पारी खेली। वहीं हेमलता ने 40 गेंद में 74 रन बनाये जिसमें नौ चौके और दो छक्के शामिल थे। दोनों ने दूसरे विकेटठ के लिये 11 ओवरों में 121 रन की साझेदारी की।

बेथ मूनी ने जड़ा लगातार दूसरा अर्धशतक

गुजरात टीम ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला लिया था। उसने सलामी बल्लेबाज लौरा वोल्वार्ट (13) का विकेट जल्दी गंवा दिया जिन्हें हेली मैथ्यूज ने आउट किया। लगातार दूसरा अर्धशतक जमाने वाली बूनी और हेमलता ने इसके बाद मुंबई के गेंदबाजों को मैदान के चारों ओर खेला। मूनी ने नेट स्किवेर ब्रंट को स्ट्रेट छक्का लगाया और शबनम इस्माइल को लगातार दो चौके जड़े। तेज गेंदबाज पूजा वस्त्राकर को मूनी ने विकेटकीपर के पीछे से स्कूप शॉट पर दो छक्के लगाये।

28 रन पर दंवाए गुजरात ने आखिरी चार विकेट

दूसरी ओर हेमलता ने लेग स्पिनर एमेलिया केर को दसवें ओवर में दो चौके और एक छक्के समेत 15 रन निकाले। मूनी ने अपना अर्धशतक 27 गेंद में पूरा किया और हेमलता ने 28 गेंद में यह आंकड़ा छुआ। मूनी 14वें ओवर में स्ट्रेटेजिक टाइम आउट के बाद अपना विकेट गंवा बैठी जिससे गुजरात की रन गति पर अंकुश लगा । आफ स्पिनर साजना सजीवन ने उन्हें पवेलियन भेजा। हेमलता को इस्माइल ने आउट किया । गुजरात ने आखिरी चार विकेट 28 रन के भीतर गंवाये।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article