World Cup 2023 Semi Final 2, AUS (Australia) vs SA (South Africa) ODI Pitch Report Eden Gardens Stadium, Kolkata Weather Forecast Today: आईसीसी वनडे विश्व कप 2023 में आज दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला खेला जा रहा है। ये मुकाबला दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच हो रहा है जो अंक तालिका में दूसरे व तीसरे स्थान पर रहे थे। ये मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेला जाएगा। इन दोनों टीमों के बीच निकलने वाला विजेता फाइनल मुकाबले में 19 नवंबर को अहमदाबाद में भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ खेलेगा। भारत ने पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड को मात देकर फाइनल में जगह बनाई है।
ऑस्ट्रेलिया-दक्षिण अफ्रीका सेमीफाइनल मैच पिच रिपोर्ट
दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया का वनडे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट इतिहास काफी पुराना रहा है। दोनों टीमों का 1999 में हुआ विश्व कप सेमीफाइनल कोई क्रिकेट फैन नहीं भूल सकता जब मुकाबला टाई हो गया था और ऑस्ट्रेलियाई टीम नियमों के आधार पर फाइनल में पहुंच गई थी। उसके बाद से दक्षिण अफ्रीका को चोकर्स का तमगा दे दिया गया था और तब से अब तक लगातार वे कई बार बड़े टूर्नामेंट्स में अंतिम समय पर आकर खिताबी मुकाबले तक पहुंचने में चूक गए हैं। आज वे एक बार फिर ऑस्ट्रेलिया के सामने होंगे। विश्व कप 2023 के लीग स्टेज में दोनों टीमों ने अपने-अपने 9 मैचों में 7-7 जीत दर्ज की। हालांकि बेहतर नेट रन रेट के आधार पर दक्षिण अफ्रीकी टीम ऑस्ट्रेलिया से एक स्थान ऊपर दूसरे पायदान पर रही।
वनडे क्रिकेट और विश्व कप इतिहास में दोनों टीमों की टक्कर के आंकड़े
इन दो दिग्गज क्रिकेट टीमों का वनडे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कई बार आमना-सामना हो चुका है। दोनों टीमों की 50 ओवर प्रारूप में 109 बार भिड़ंत हो चुकी है। इस दौरान इनके बीच कांटे का मुकाबला रहा। ऑस्ट्रेलिया ने 50 मुकाबलों में जीत दर्ज की तो दक्षिण अफ्रीका ने 55 मैचों में जीत हासिल की। जबकि 3 मैच टाई भी रहे और एक मैच का कोई नतीजा नहीं निकला। वहीं अगर बात करें वनडे क्रिकेट विश्व कप इतिहास की तो यहां भी मामला कांटे का रहा है, इन दोनों टीमों के बीच अब तक 7 विश्व कप मैच खेले जा चुके हैं जिसमें दोनों टीमों ने 3-3 मुकाबलों में जीत दर्ज की, जबकि 1 मैच टाई रहा था।ऑस्ट्रेलिया-दक्षिण अफ्रीका मैच की पिच रिपोर्ट कैसी रहेगी? (AUS vs SA Pitch Report, World Cup 2023 2nd Semi Final)
आज विश्व कप 2023 के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका की टीमें कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स में आमने-सामने होंगी। इस मैदान की पिच की बात करें तो काली मिट्टी वाली इस 22 गज की पट्टी पर जितना फायदा बल्लेबाजों को मिला है, उतना ही फायदा गेंदबाजों को भी मिला है। इस विश्व कप में यहां पर अब तक चार मुकाबले खेले गए हैं जिसमें पहले दो मुकाबले तो कम स्कोर वाले रहे थे, लेकिन उसके बाद खेले गए दो मैचों की पहली पारियों में तो जमकर रन बने लेकिन लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमें बुरी तरह पिछड़ती नजर आईं। जैसे भारत-दक्षिण अफ्रीका मैच में यहां पर टीम इंडिया ने पहले बैटिंग करते हुए 327 रनों का टारगेट दिया था लेकिन दक्षिण अफ्रीकी टीम महज 83 रन पर ऑलाउट हो गई और टीम इंडिया ने 243 रन से मैच जीता था। इसके बाद इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच यहां खेले गए अंतिम मुकाबले में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 338 रनों का लक्ष्य दिया और पाकिस्तानी टीम 244 रन पर सिमट गई थी, जिसके साथ ही विश्व कप में उनका सफर भी समाप्त हो गया था। गेंदबाजों में स्पिनर्स को यहां हमेशा से फायदा मिला है, जबकि तेज गेंदबाजों को इस पिच पर जबरदस्त उछाल मिलने की उम्मीद है। यहां मौजूदा वर्ल्ड कप में हुए चार मुकाबलों में तीन मौकों पर पहले बैटिंग करने वाली टीम को जीत मिली है।
आज कैसा रहेगा कोलकाता का मौसम? (Kolkata Weather Today)
ऑस्ट्रेलिया-दक्षिण अफ्रीका विश्व कप 2023 का दूसरा सेमीफाइनल मैच कोलकाता में आयोजित होने जा रहा है जहां का मौसम हमेशा से चर्चा का विषय रहा है। इस शहर में मौसम कब करवट ले, पता नहीं चलता। अगर बात करें आज के मौसम की तो कोलकाता में बारिश के पूरे आसार हैं। अनुमान के मुताबिक यहां पर आज बारिश का जरूर होगी और ये बारिश तेज भी हो सकती है। ऐसे में फैंस और खिलाड़ियों को आज निराशा भी हाथ लग सकती है, लेकिन अच्छी बात ये है कि सेमीफाइनल मैचों के लिए रिजर्व डे रखा गया है। आज यहां उमस भी बहुत रहने वाली है जो कि कोलकाता के मौसम की बड़ी पहचान रही है, ऐसे में गेंदबाजों और फील्डरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है, खासतौर पर शाम के समय। अगर कोलकाता में आज के तापमान की बात करें तो अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेंटीग्रेड तक रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेंटीग्रेड तक रहने का अनुमान है। ये मैच दोपहर दो बजे से शुरू होगा।
ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका की टीमें
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम: पैट कमिंस (कप्तान), स्टीव स्मिथ, एलेक्स कैरी, जोश हेजलवुड, ट्रेविस हेड, मिच मार्श, ग्लेन मैक्सवेल, मार्कस स्टोइनिस, डेविड वॉर्नर, एडम जम्पा, मिशेल स्टार्क, जोश इंग्लिस, सीन एबोट, एशटन एगर, कैमरन ग्रीन।
दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट टीम: तेम्बा बावुमा (कप्तान), गेराल्ड कोएट्जी, क्विंटन डिकॉक, रीजी हेंड्रिक्स, मार्को जेनसन, हेनरिक क्लासेन, कागिसो रबादा, तबरेज शम्सी, रेस वान डेर डुसेन, लिजाद विलियम्स, केशव महाराज, एडेन मार्कराम, डेविड मिलर, लुंगी एनगिडी और एंडिले फेहलुकवायो।
