इंदौर: डिफेंडिंग चैंपियन ऑस्ट्रेलिया ने दक्षिण अफ्रीका को अपने आखिरी लीग मुकाबले में 7 विकेट से पटखनी देकर अपना विजय अभियान जारी रखा। ऑस्ट्रेलिया ने अलाना किंग की रिकॉर्ड तोड़ गेंदबाजी के बल पर दक्षिण अफ्रीका को 97 रन पर ढेर कर दिया इसके बाद जीत के लिए मिले लक्ष्य को 16.5 ओवर में 7 विकेट शेष रहते हासिल कर लिया।
आईसीसी विमेंस वनडे वर्ल्ड कप 2025 सेमीफाइनल
साफ हुई सेमीफाइनल की तस्वीर
ऑस्ट्रेलिया ने लीग दौर का अंत 7 मैच में 6 जीत और 13 अंक के साथ किया और अंक तालिका में टॉप पर रही। वहीं दक्षिण अफ्रीका की टीम 7 मैच में 5 जीत और 2 हार के साथ दूसरे पायदान पर रही। इंग्लैंड 6 मैच में 4 जीत के साथ तीसरे और टीम इंडिया 6 मैच में 6 अंक के साथ चौथे पायदान पर है। दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच मुकाबले का परिणाम आते ही सेमीफाइनल मैचों की तस्वीर साफ हो गई है।
30 अक्टूबर को मुंबई में होगी भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच भिड़ंत
पहला सेमीफाइनल मुकाबला इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के बीच 29 अक्टूबर को गुवाहाटी में खेला जाएगा। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच भिड़ंत 30 अक्टूबर को नवी मुंबई के डीवाय पाटिल स्टेडियम में होगी। भारतीय टीम को अपना अंतिम मैच इसी मैदान पर बांग्लादेश के खिलाफ रविवार को खेलना है। इसी मैदान पर भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को पटखनी देकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की थी। लगातार तीन मैच एक ही मैदान पर खेलने का फायदा निश्चित तौर पर भारतीय टीम को मिलेगा लेकिन ऑस्ट्रेलियाई टीम से पार पाना टीम इंडिया के लिए कतई आसान नहीं होगा। लीग दौर के मुकाबले में भारतीय टीम के जबड़े से ऑस्ट्रेलियाई टीम ने जीत एलिसा हीली के कप्तानी शतक की बदौलत छीन ली थी।
