डॉमिनिका: वेस्टइंडीज के खिलाफ डॉमिनिका में टेस्ट डेब्यू करने वाले यशस्वी जायसवाल ने शतक जड़कर इतिहास रच दिया है। जायसवाल ने 215 गेंद का सामना करते हुए अपना पहला शतक जड़ा। इस दौरान उन्होंने 11 चौके जड़े। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक वो 143 रन बनाकर नाबाद पवेलियन लौटे। लेकिन उनके पास अब इस उपलब्धि पर चार चांद लगाने का शानदार मौका है।
यशस्वी जायसवाल
तीसरे दिन जब यशस्वी जायसवाल बल्लेबाजी करने विराट कोहली के साथ मैदान में उतरेंगे तब उनके निशाने पर शिखर धवन का 10 साल पुराना बनाया रिकॉर्ड होगा। शिखर ने साल 2013 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मोहाली में अपने डेब्यू टेस्ट में 187 रन की पारी खेली थी। यह करियर के पहले टेस्ट मैच में किसी भी भारतीय बल्लेबाज द्वारा खेली गई सबसे बड़ी पारी है।
बन सकते हैं डेब्यू में दोहरा शतक जड़ने वाले पहले भारतीय
अगर यशस्वी शिखर को पीछे छोड़कर दोहरा शतक जड़ने में कामयाब होते हैं तो वो ऐसा करने वाले पहले भारतीय और आठवें खिलाड़ी बन बन जाएंगे। उनसे पहले इंग्लैंड के रिगीनाल्ड फॉस्टर ने 120 साल पहले वर्ष 1903 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 287 रन की पारी सिडनी में खेली थी। यह आज भी डेब्यू टेस्ट में किसी भी खिलाड़ी द्वारा खेली सबसे बड़ी पारी के रूप में दर्ज है।
इन खिलाड़ियों ने जड़ा है डेब्यू में दोहरा शतक
फॉस्टर के अलावा वेस्टइंडीज के लॉरेंस रो(214), श्रीलंका के ब्रेंडन कुरुप्पू (201*), न्यूजीलैंड के मैथ्यू सिंकलेयर(214), दक्षिण अफ्रीका के जैक रूडोल्फ(222*), वेस्टइंडीज के काइल मेयर्स(210*) और न्यूजीलैंड के डेवोन कॉन्वे(200) ये कारनामा कर चुके हैं।
