स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। वैभव सूर्यवंशी अब यह एक ऐसा नाम बन चुका है, जिसे क्रिकेट के मैदान पर खेलते हुए देखने की चाहत हर क्रिकेट फैंस करता है। हालांकि, पिछली कुछ सीरीज से वैभव सूर्यवंशी को मैदान पर उतरने का कम ही मौका मिला है। वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज के दौरान उन्हें बेंच पर ही बैठे रहना पड़ा। वहीं, न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टी20 मैच में भी उन्हें प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली।
वैभव सूर्यवंशी को कब मिलेगा ओपनिंग में मौका।
हालांकि, दूसरे टी20 मैच में ईशान किशन के चोटिल होने के चलते उन्हें प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया। वैभव सूर्यवंशी इस मैच में ओपनिंग के बजाय नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने उतरे। इस दौरान उनका बल्ला नहीं चला। वह 8 गेंद पर 4 रन बनाकर आउट हो गए। ऐसे में वैभव सूर्यवंशी के बैटिंग ऑर्डर बदलने पर बवाल मचा हुआ है। मुरली कार्तिक से लेकर रविचंद्रन अश्विन ने वैभव सूर्यवंशी के बल्लेबाजी क्रम बदलने पर सवाल उठाए हैं।
कप्तान और हेड कोच ने कर दिया है क्लियर
अब सवाल हैं तो जवाब भी कहीं ना कहीं हैं। वैभव सूर्यवंशी ने ओपनिंग क्यों नहीं की, इसका जवाब श्रेयस अय्यर और गौतम गंभीर के बयानों में छिपा हुआ है। न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज शुरू होने से पहले भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा था कि वह संजू और अभिषेक की ओपनिंग जोड़ी के साथ ही उतरेंगे।
वैभव को करना होगा इंतजार
वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच टी20 मैच की सीरीज खत्म होने के बाद श्रेयस ने कहा, मैं उनसे यही कहता रहता हूं कि उन्हें मौका जरूर मिलेगा। अपनी प्रक्रिया में निरंतरता बनाए रखनी होगी और कभी-कभी इंतजार भी करना पड़ता है। हमारे पास दो शानदार सलामी बल्लेबाज हैं। वैभव के साथ हमारी बातचीत इसी विषय पर होती रही है।
अय्यर ने मौजूदा सलामी जोड़ी अभिषेक और संजू सैमसन के बारे में कहा कि हमारे पास दो ऐसे बल्लेबाज हैं, जिन्होंने हमें वर्ल्ड कर जितवाया है और वह लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं, हेड कोच गौतम गंभीर ने भी वैभव सूर्यवंशी के बेंच पर बैठे रहने के पीछे यह कारण बताया।
हेड कोच लगा चुके हैं चर्चाओं पर विराम
हेड कोच गौतम गंभीर उस कॉम्बिनेशन को तोड़ने के पक्ष में नहीं हैं जिसने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। हेड कोच ने यह भी साफ किया कि टीम के बारे में होने वाली चर्चाओं, खासकर सोशल मीडिया पर होने वाली बातों से खिलाड़ियों का चयन तय नहीं होगा।
रंग में है अभिषेक और संजू की जोड़ी
वैभव सूर्यवंशी के खेल से हर क्रिकेट फैंस परिचित है। वह तोड़फोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हैं। वहीं, संजू और अभिषेक की जोड़ी ने पिछले कुछ सालों से भारत के लिए तेज शुरुआत करने में मदद की है। दोनों मिलकर 1000 रन से ज्यादा की साझेदारी कर चुके हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टी20 मैच में जब भारत को 226 रन के टारगेट का पीछा करना था तो दोनों मिलकर एक टोन सेट कर दिया। खासकर संजू सैमसन ने तो ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए सारा प्रेशर ही हटा दिया था।
तीसरे टी20 मैच की प्लेइंग इलेवन में मिल सकता है मौका
अब तीसरे टी20 मैच में वैभव सूर्यवंशी किस नंबर पर खेलेंगे ये देखने वाली बात होगी। ईशान किशन के तीसरे टी20 मैच से भी बाहर होने के चलते प्लेइंग इलेवन में उनके खेलने की संभावना बढ़ गई है। कुछ क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि वैभव संजू की जगह ओपनिंग कर सकते हैं और संजू नंबर-3 पर खेलने उतर सकते हैं। हालांकि, पूर्व में दिए गौतम गंभीर और श्रेयस के बयान से यह होना थोड़ा मुश्किल सा लग रहा है।
