Rohit Sharma injury: भारत और इंग्लैंड के बीच धर्मशाला में खेले जा रहे पांचवें टेस्ट मैच के बीच में टीम इंडिया के लिए एक बुरी खबर सामने आई है। दरअसल भारतीय कप्तान रोहित शर्मा को पीठ में अकड़न हो गई है। इसके चलते वे तीसरे दिन फील्डिंग करने नहीं उतरे। रोहित की जगह इंग्लैंड के खिलाफ स्टार तेज गेंदबाज जसप्रित बुमराह भारतीय टीम का नेतृत्व कर रहे हैं।
रोहित शर्मा जसप्रीत बुमराह (फोटो- AP)
बीसीसीआई ने तीसरे दिन मैदान पर रोहित की अनुपस्थिति के बारे में अपडेट भी जारी किया है। बोर्ड ने एक्स पर लिखा है कि 'अपडेट: कप्तान रोहित शर्मा पीठ में अकड़न के कारण तीसरे दिन मैदान पर नहीं उतरे हैं।' रोहित की चोट कितनी गहरी है इसे लेकर अभी तक कोई बड़ा अपडेट सामने नहीं आया है।
बुमराह के पास कप्तानी का अनुभव
बुमराह के पास टेस्ट में टीम इंडिया की कप्तानी करने का अनुभव है। रोहित को कोविड-19 होने के कारण जुलाई 2022 में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट में बुमराह को भारत का कप्तान नियुक्त किया गया था। उस मैच में, बुमराह ने स्टुअर्ट ब्रॉड को एक ओवर में 35 रन देकर टेस्ट में एक ओवर में सर्वाधिक रन बनाने का नया विश्व रिकॉर्ड बनाया था।
भारत 477 रनों पर ऑलआउट
धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में चल रहे पांचवें टेस्ट में भारत पहली पारी में 477 रन बनाने में सफल रहा। पहली पारी में मेजबान टीम के लिए शुबमन गिल ने 150 गेंदों पर 110 रन बनाकर शीर्ष स्कोर बनाया और रोहित ने क्रीज पर रहने के दौरान 162 गेंदों का सामना करते हुए कुल 103 रन बनाए।उनके अलावा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जयसवाल, डेब्यूटेंट देवदत्त पडिक्कल और सरफराज खान ने भी अर्धशतक लगाए।
