who Won Yesterday IPL Match 06 May, 2026, SRH vs PBKS, kal ka match kaun jeeta: सनराइजर्स हैदराबाद ने पंजाब किंग्स को 33 रन के बड़े अंतर से पटखनी देकर अंक तालिका में पहले पायदान पर कब्जा कर लिया है। अपने घरेलू मैदान पर सनराइर्स हैदराबाद ने पंजाब के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 235 रन का स्कोर खड़ा किया था। इसके जवाब में पंजाब किंग्स की टीम 20 ओवर में कूपर कोनोली की नाबाद 107 रन की शतकीय पारी की बदौलत 20 ओवर में 7 विकेट पर 202 रन बना सकी और 33 रन से मैच और अंक तालिका में पहला स्थान गंवा दिया। पंजाब किंग्स की यह लगातार तीसरी हार है। पहले दौर में 7 मैच में अजेय रहने वाली पंजाब को दूसरे दौर में लगातार तीसरी हार मिली है और वो अपनी लय गंवाती दिख रही है। खराब फील्डिंग और कैच छोड़ने का खामियाजा टीम को भुगतना पड़ रहा है। ऐसा रहा मैच के पल पल का हाल।
सनराइजर्स हैदराबाद बनाम पंजाब किंग्स, आईपीएल 2026, कल का मैच कौन जीता (फोटो क्रेडिट IPL/BCCI)
पंजाब किंग्स ने जीता टॉस
पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने हैदराबाद के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया।
अभिषेक हेड ने दिलाई आतिशी शुरुआत
मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद को अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड की जोड़ी ने तेज शुरुआत दिलाई। दोनों ने 3.2 ओवर में ही टीम को 50 रन के पार पहुंचा दिया। लेकिन अगली ही गेंद पर अभिषेक शर्मा को लॉकी फर्ग्युसन ने श्रेयस अय्यर के हाथों कैच करा दिया। अभिषेक 13 गेंद में 35 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उन्होंने अपनी पारी में 2 चौके और 4 छक्के जड़े।
हेड ने खेली 38 रन की पारी
अभिषेक के आउट होने के बाद ट्रेविस हेड का साथ देने ईशान किशन आए। दोनों ने पॉवरप्ले में टीम को 79 रन तक एक विकेट के नुकसान पर पहुंचा दिया। पॉवरप्ले के समाप्त होने के बाद गेंदबाजी करने आए युजवेंद्र चहल की गेंदों पर ट्रेविस हेड का कैच मार्को यानसेन ने पकड़ा और हैदराबाद को दूसरा झटका लगा। हेड 38(19) रन बना सके। उन्होंने अपनी पारी में 3 चौके और 3 छक्क जड़े।
ईशान-क्लासेन ने उठाया जीवनदान का फायदा
84 रन पर हैदराबाद के दोनों ओपनर्स के आउट होने के बाद ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन ने मोर्चा संभाला। दोनों की शुरुआत खराब रही। युजवेंद्र चहल की गेंदों पर दोनों को दो-दो जीवनदान मिले। हैदराबाद ने इसके 100 रन के आंकड़े को 8.1 ओवर में पार कर लिया। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी 32 गेंद में पूरी हो गई। साझेदारी में ईशान ने 20 और क्लासेन ने 28 रन का योगदान दिया।
14वें ओवर में 150 रन के पार पहुंचा हैदराबाद
ईशान-क्लासेन ने 13.3 ओवर में हैदराबाद को 150 रन के पार पहुंचा दिया। इसके बाद ईशान ने अपना अर्धशतक 28 गेंद में 2 चौके और 4 छक्के की मदद से पूरा कर लिया। 172 के स्कोर पर ईशान किशन को अर्शदीप सिंह ने श्रेयांस के हाथों कैच कराकर पवेलियन वापस भेज दिया। ईशान 55(32) रन बना सके। उन्होंने अपनी पारी में 2 चौके और 4 छक्के जड़े।
क्लासेन ने जड़ा अर्धशतक, हैदराबाद ने बनाए 235 रन
ईशान के आउट होने के बाद क्लासेन का साथ देने नीतीश रेड्डी आए। दोनों ने रन गति को बनाए रखा और 17.1 ओवर में हैदराबाद को 200 रन के पार पहुंचा दिया। क्लासेन ने इसके बाद अपना अर्धशतक 32 गेंद में 2 चौके और 3 छक्के की मदद से पूरा कर लिया। दोनों ने चौथे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी 26 गेंद में पूरी कर ली। क्लासेन ने 21 और नीतीश रेड्डी ने 28 रन का योगदान साझेदारी में दिया। अंत में हैदराबाद की टीम 20 ओवर में 4 विकेट पर 235 रन बनाने में सफल रही। पारी की आखिरी गेंद पर क्लासेन 69(43) रन बनाकर वैशाक की गेंद पर लपके गए। नीतीश रेड्डी 29(13) रन बनाकर नाबाद पवेलियन लौटे। पंजाब किंग्स के लिए एक-एक विकेट अर्शदीप सिंह, लॉकी फर्ग्युसन, युजवेंद्र चहल और विजय कुमार वैशाक को मिला।
पंजाब किंग्स की खराब शुरुआत, सस्ते में लौटे दोनों ओपनर
जीत के लिए 236 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही। पारी के पहले ओवर की आखिरी गेंद पर पैट कमिंस ने प्रियांश आर्य को ईशान मलिंगा के हाथों कैच कराकर पंजाब को पहला झटका दिया। प्रियांश 1(3) रन बना सके। प्रियांश के आउट होने के बाद दूसरे ओवर की पहली गेंद पर प्रभसिमरन सिंह 3(4) रन बनाकर पवेलियन लौट गए। नीतीश रेड्डी की गेंद पर पैट कमिंस ने उनका कैच लपका।
सरपंच साहब का नहीं चला बल्ला
महज 7 गेंद में 4 रन पर 2 विकेट गंवाने के बाद पंजाब किंग्स की टीम बैकफुट पर नजर आने लगी। ऐसे में एक छोर कूपर कोनोली ने संभाला। उनका साथ देने आए कप्तान श्रेयस अय्यर भी ज्यादा देर तक पिच पर नहीं टिक सकी। अय्यर को ईशान मलिंगा ने कमिंस के हाथों कैच करा दिया। अय्यर 5(5) रन बना सके और पंजाब की मुश्किलें पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछे करते हुए बढ़ गईं।
स्टोइनिस का शिवांग ने किया शिकार
23 रन पर 3 विकेट गंवाने के बाद पंजाब किंग्स की पारी को कूपर कोनोली के साथ मार्कस स्टोइनिस ने संभाला। दोनों ने विकेटों की पतझड़ पर लगाम लगाकर पंजाब को 5.1 ओवर में 50 रन के पार पहुंचा दिया। पॉवरप्ले के अंत तक दोनों ने टीम को 3 विकेट पर 57 रन तक पहुंचा दिया। पॉवपप्ले के समाप्त होने के बाद मार्कस स्टोइनिस का पारी का अंत शिवांग कुमार ने कर दिया। स्टोइनिस 28(14) रन बनाकर ईशान किशन के हाथों लपके गए। उन्होंने अपनी पारी में 3 चौके और 2 छक्के जड़े।
110 के स्कोर पर पवेलियन लौटी पंजाब की आधी टीम
स्टोइनिस के आउट होने के बाद कोनोली का साथ देने श्रेयांश शेडगे आए। दोनों ने पंजाब को 10.2 ओवर में 100 रन के पार पहुंचा दिया। इसके बाद कोनोली ने अपना अर्धशतक 34 गेंद में 4 चौके और 3 छक्के की मदद से पूरा कर लिया। लेकिन 12वें ओवर की चौथी गेंद पर 110 के स्कोर पर पैट कमिंस ने अभिषेक शर्मा के हाथों कैच करा दिया। उन्होंने 25(17) रन बनाए।
202 रन बना सकी पंजाब, कोनोली ने जड़ा शतक
110 रन पर पंजाब की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी। ऐसे में शशांक कोनोली का साथ देने आए लेकिन वो भी 4(3) रन बनाकर शाकिब हुसैन की गेंद पर कैच दे बैठे। 119 रन पर पंजाब ने 6 विकेट गंवा दिए थे। ऐसे में मार्को यानसेन ने कोनोली का साथ दिया और टीम को 16.3 ओवर में 150 रन के पार पहुंचा दिया। दोनों ने सातवें विकेट के लिए 34 गेंद में अर्धशतकीय साझेदारी पूरी कर ली। 20वें ओवर की पहली गेंद पर यानसेन 19(16) रन बनाकर शिवांग का शिकार बने। अंत में कोनोली ने अपना पहला टी20 शतक 57 गेंद में 7 चौके और 7 छक्के की मदद से पूरा किया। अंत में पंजाब की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 202 रन बना सकी और 33 रन से मैच गंवा दिया। कोनोली 107 और वैशाक 1 रन बनाकर नाबाद रहे।
प्लेयर ऑफ द मैच:
पैट कमिंस को उनकी शानदार गेंदबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने 4 ओवर में 34 रन देकर 2 विकेट अपने नाम किए।
