दिल्ली कैपिटल्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को मात देकर रविवार को विशाखापट्टनम में आईपीएल 2024 की पहली जीत दर्ज की। दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। दिल्ली ने डेविड वॉर्नर और ऋषभ पंत की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत 20 ओवर में 5 विकेट पर 191 रन का स्कोर खड़ा किया। जिसके जवाब में चेन्नई सुपर किंग्स 20 ओवर में 6 विकेट पर 171 रन बना सकी। धोनी ने आखिरी ओवरों में 16 गेंद में 37 रन की आतिशी पारी खेली और टीम को जीत के करीब ले गए। अंतिम ओवर में जीत के लिए सीएसके को 41 रन बनाने थे लेकिन धोनी 21 रन बना सके। दिल्ली कैपिटल्स ने इस जीत के साथ अपना खाता खोला। ऐसा रहा मैच का हाल।
एमएस धोनी और ऋषभ पंत (साभार IPL/BCCI)
दिल्ली कैपिटल्स ने जीता टॉस:
दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ऋषभ पंत ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया।वॉर्नर-शॉ ने दिलाई दिल्ली को तेज शुरुआत:
दिल्ली कैपिटल्स को डेविड वॉर्नर और पृथ्वी शॉ की जोड़ी ने धमाकेदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने तेजी से बल्लेबाजी करते हुए 5.2 ओवर में दिल्ली को 50 रन के पार पहुंचा दिया। इसके बाद दिल्ली ने पॉवरप्ले के 6 ओवर में बगैर किसी नुकसान के 62 रन बना लिए थे। कुल मिलाकर पॉवरप्ले दिल्ली कैपिटल्स के नाम रहा।अर्धशतकीय पारी खेलकर आउट हुए वॉर्नर:
डेविड वॉर्नर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 32 गेंद में अपना अर्धशतक 4 चौके और 2 छक्के की मदद से पूरा किया। लेकिन उनकी पारी का 93 के स्कोर पर अंत मुस्तफिजुर रहमान ने दसवें ओवर की तीसरी गेंद पर कर दिया। वॉर्नर का एक हाथ से शानदार कैच मथीशा पथिराना ने लपका।अर्धशतक से चूके पृथ्वी शॉ:
सीजन में पहली बार खेल रहे पृथ्वी शॉ अपना अर्धशतक पूरा करने से चूक गए। रवींद्र जडेजा की गेंद पर धोनी ने विकेट के पीछे शानदार कैच लपक लिया। शॉ 27 गेंद पर 43 रन बना सके। उन्होंने अपनी पारी में 4 चौके और 2 छक्के जड़े। पृथ्वी शॉ जब आउट हुए तब टीम का स्कोर 10.4 ओवर में 103 रन था।ऋषभ पंत ने संभाला मोर्चा:
दो विकेट दिल्ली ने जल्दी जल्दी गंवा दिए। इसके बाद तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए ऋषभ पंत ने मोर्चा संभाला। उन्होंने मिचेल मार्श के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया। लेकिन ये साझेदारी 15वें ओवर की चौथी गेंद पर टूट गई। पथिराना ने मिचेल मार्श(18)को बोल्ड कर दिया। इसके दो गेंद बाद उन्होंने ट्रिस्टन स्टब्स को भी बोल्ड करके चौथा झटका दिल्ली को दिया। 15 ओवर में दिल्ली का स्कोर 4 विकेट पर 134 रन हो गया।पंत ने जड़ा सीजन का पहला अर्धशतक:
ऐसे में ऋषभ पंत ने मोर्चा संभाला और आतिशी बल्लेबाजी शरू कर दी। उन्होंने 31 गेंद में अपना अर्धशतक चौका जड़कर पूरा किया। पारी के दौरान पंत ने 4 चौके और 3 छक्के जड़े। लेकिन अर्धशतक पूरा करने के बाद अगली ही गेंद पर पथिराना ने उनकी पारी का अंत कर दिया। पंत रुतुराज गायकवाड़ के हाथों लपके गए। इसके बाद अक्षर पटेल(7) और अभिषेक पोरेल (9 गेंद पर 6 रन) बनाकर नाबाद रहे और दिल्ली ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 191 रन का स्कोर खड़ा किया।पथिराना रहे सीएसके से सबसे सफल गेंदबाज:
पथिराना सीएसके के सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 31 रन देकर 3 विकेट झटके। वहीं मुस्तफिजुर रहमान और रवींद्र जडेजा ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।सीएसके के खराब रही शुरुआत, खलील ने बरपाया कहर:
चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत खराब रही। खलील अहमद ने 7 गेंद के अंतराल में रुतुराज गायकवाड़ और रचिन रवींद्र दोनों को चलता कर दिया। पहले ओवर की आखिरी गेंद पर रुतुराज 1 रन बनाकर विकेट के पीछे पंत के हाथों लपके गए। इसके बाद तीसरे ओवर की पांचवीं गेंद पर रचिन रवींद्र का कैच ट्रिस्टन स्टब्स ने लपक लिया। इसके साथ ही चेन्नई का स्कोर 2.5 ओवर में 2 विकेट पर 7 रन हो गया।रहाणे-मिचेल ने संभाली पारी:
अनुभवी अजिंक्य रहाणे और डेरिल मिचेल ने चेन्नई को शुरुआती झटकों से उबरा। 6 ओवर में सीएसके केवल 32 रन बना सकी। मिचेल-रहाणे ने 8.3 ओवर में चेन्नई को पचास रन के पार पहुंचाया। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 68 (45)रन की साझेदारी हुई। इस साझेदारी को अक्षर पटेल ने 11वें ओवर की दूसरी गेंद पर डेरिल मिचेल का कैच अपनी ही गेंद पर लपककर तोड़ा। मिचेल ने 34(26) रन बनाए। चेन्नई का स्कोर इसके साथ ही 3 विकेट पर 75 रन हो गया।
