क्रिकेट

Rajat Patidar, IND vs NZ: जानिए कौन हैं रजत पाटीदार, चोटिल श्रेयस अय्यर की जगह टीम इंडिया में मिली जगह

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Jan 17, 2023, 03:07 PM IST

All you need to know about Rajat Patidar, IND vs NZ ODI Series 2023: टीम इंडिया और न्यूजीलैंड के बीच बुधवार से हैदराबाद में पहले वनडे मैच के साथ शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया में एक बदलाव किया गया है। चोटिल श्रेयस अय्यर की जगह रजत पाटीदार को पहली बार टीम इंडिया में जगह दी गई है। आइए जानते हैं कि कौन हैं रजत पाटीदार।

Image

रजत पाटीदार को टीम इंडिया में मिली जगह

Photo : Twitter

Who is Rajat Patidar, India vs New Zealand ODI Series: हैदराबाद में बुधवार से भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहले वनडे के साथ तीन वनडे मैचों की सीरीज का आगाज होगा। इस सीरीज के शुरू होने से ठीक पहले मंगलवार को भारतीय टीम व फैंस के लिए एक बुरी खबर आई। टीम के धाकड़ बल्लेबाज श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer) चोटिल होने के कारण इस सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह पहली बार रजत पाटीदार को टीम इंडिया में जगह दी गई है। आइए जानते हैं कि कौन हैं रजत पादीदार।

भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी बल्लेबाज श्रेयस अय्यर पीठ में चोट के कारण न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज से बाहर हो गए हैं। बीसीसीआई ने घोषणा की है कि उनकी जगह 29 वर्षीय बल्लेबाज रजत पाटीदार को टीम इंडिया में शामिल कर लिया गया है। अब तक एक भी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला ना खेलने वाले रजत के लिए ये मौका काफी इंतजार के बाद आया है।

कौन हैं रजत पाटीदार?

इंदौर (मध्य प्रदेश) में 1 जून 1993 को जन्मे रजत पाटीदार एक दाएं हाथ के बल्लेबाज हैं। वो एक कारोबारी परिवार से ताल्लुक रखते हैं। रजत को 8 साल की उम्र में उनके दादा ने क्रिकेट अकादमी में दाखिला दिलाया था। शुरुआत में तो वो गेंदबाजी किया करते थे लेकिन अंडर-15 क्रिकेट स्तर तक पहुंचने के बाद उन्होंने अपनी बल्लेबाजी पर ध्यान देना शुरू किया और देखते-देखते एक शानदार बल्लेबाज के रूप में सामने आए।

घरेलू क्रिकेट में मचाया धमाल

रजत पाटीदार ने 2015-16 रणजी ट्रॉफी सीजन के साथ अपने प्रथम श्रेणी क्रिकेट करियर का आगाज किया। जबकि 2017-18 के सत्र में उनके घरेलू टी20 करियर का आगाज हुआ। पहली बार उनका असल धमाल देखने को मिला 2018-19 रणजी ट्रॉफी सीजन में जहां उनके बल्ले से 8 मैचों में 713 रन निकले और मध्य प्रदेश क्रिकेट टीम के लिए वो सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे।

आईपीएल में एंट्री और एक पारी ने दिलाई असल पहचान

आईपीएल 2021 के लिए आयोजित हुई खिलाड़ियों की नीलामी मेंं रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने रजत पाटीदार को खरीदा। इसके बाद आईपीएल 2022 के एलिमिनेटर मुकाबले में उन्होंने तब सुर्खियां बटोरीं जब लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 54 गेंदों में नाबाद 112 रनों की धुआंधार शतकीय पारी खेलकर सबको दंग कर दिया।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article