Ashwani Kumar: वानखेड़े में सीजन का पहला ही मैच खेलने वाले मुंबई इंडियंस के तेज गेंदबाज अश्वनी कुमार ने इतिहास रच दिया। लगातार दो मुकाबला हारकर वानखेड़े पहुंची मुंबई को जीत के लिए किसी चमत्कार की जरुरत थी और उनके लिए यह काम डेब्यू करने वाले अश्वनी कुमार ने किया। जसप्रीत बुमराह की अनुपस्थिति में, मुंबई ने बाएं हाथ के युवा तेज गेंदबाज को मौका दिया और उन्होंने दोनों हाथों से इसको भुनाया। उन्होंने 3 ओवर में 24 रन देकर 4 विकेट चटकाए। अश्वनी ने अजिंक्य रहाणे, रिंकू सिंह, मनीष पांडे और खतरनाक आंद्रे रसेल को पवेलियन भेजा। इसके साथ ही अश्वनी कुमार ने एक नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वह आईपीएल डेब्यू पर 4 विकेट लेने वाले दूसरे भारतीय गेंदबाज बन गए हैं।
अश्वनी कुमार (साभार-IPL)
आईपीएल के डेब्यू पर बेस्ट बॉलिंग स्पेल-
| गेंदबाज का नाम | अंकड़ा | टीम | विरुद्ध | वर्ष |
|---|---|---|---|---|
| शादाब जकाती | 4/24 | चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) | दिल्ली डेयरडेविल्स (DD) | 2009 |
| अश्वनी कुमार | 4/24 | मुंबई इंडियंस (MI) | कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) | 2025* |
| पॉल वाल्थाटी | 4/29 | किंग्स इलेवन पंजाब (KXIP) | डेक्कन चार्जर्स | 2011 |
कौन हैं अश्वनी कुमार (Who Is Ashwani Kumar)
अश्विनी कुमार बाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं जो घरेलू क्रिकेट में पंजाब की ओर से खेलते हैं। मोहाली के झंझेरी गांव के रहने वाले अश्वनी को डेथ ओवर में गेंदबाजी करने के लिए जाना जाता है। पहली बार वह साल 2023 में सुर्खियों में आए थे। अश्वनी ने शेर-ए-पंजाब टी20 ट्रॉफी में अपनी टीम को चैंपियन बनाया था। अश्विनी के हुनर को मुंबई इंडियंस के स्काउट्स ने पहचाना और उन्हें आईपीएल 2025 के लिए साइन किया। कोलकाता के खिलाफ उन्हें आईपीएल डेब्यू करने का मौका मिला।
