Smriti Mandhana: भारतीय महिला क्रिकेट की सुपरस्टार स्मृति मंधाना मैदान पर अपने धमाकेदार शॉट्स के लिए जानी जाती हैं, लेकिन मैदान के बाहर उनकी पर्सनल लाइफ भी कम दिलचस्प नहीं है। महिला एशिया कप 2026 में टीम इंडिया के लिए शानदार प्रदर्शन कर रही स्मृति का एक इमोशनल बयान इस वक्त सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। एक हालिया पॉडकास्ट में स्मृति ने अपने रोने को लेकर एक चौंकाने वाला खुलासा किया। जब होस्ट ने उनसे पूछा कि क्या वह कभी रोती हैं, तो मंधाना ने हंसते हुए कहा कि असल जिंदगी में वह बिल्कुल नहीं रोतीं। अगर वह रोती हैं तो सिर्फ फिल्में देखकर ही रोती हैं।
स्मृति मंधाना ने किया रोने पर खुलासा (फोटो साभार- smriti_mandhana)
आखिरी बार कब रोई थीं मंधाना
उन्होंने बताया, "मुझे याद भी नहीं कि मैं आखिरी बार कब रोई थी। मैं रियल लाइफ में नहीं रोती। मैं फिल्में देखते हुए इमोशनल हो जाती हूं। हाल ही में मैं 'मुसाफिर कैफे' देख रही थी और वह फिल्म मुझे अंदर तक छू गई। मैं खुशी से रो पड़ी। मुझे लगा कि मैं भी अपनी सारी चीजें छोड़कर पहाड़ों में अपना एक छोटा सा कैफे खोलना चाहती हूं और दुनिया की भीड़ से दूर शांति से रहना चाहती हूं।" यही उनका रिटायरमेंट के बाद का सबसे बड़ा सपना भी है। मंधाना ने कहा कि क्रिकेट को अलविदा कहने के बाद वह एक शांत जगह पर अकेले रहना चाहती हैं, जहां वह अपने मन का काम कर सकें।
एशिया कप फाइनल पर पूरा फोकस
इस वक्त मंधाना का पूरा फोकस महिला एशिया कप के फाइनल पर है, जो आज भारत और श्रीलंका के बीच खेला जाना है। टूर्नामेंट में मंधाना जबरदस्त फॉर्म में हैं। 4 मैचों में उन्होंने 38 से ज्यादा की औसत और 171 के स्ट्राइक रेट से 154 रन बनाए हैं और सबसे ज्यादा रन बनाने वालों में दूसरे नंबर पर हैं। इसी टूर्नामेंट के दौरान उन्होंने 10,000 इंटरनेशनल रन पूरे कर इतिहास रच दिया है। उन्होंने सिर्फ 281 पारियों में यह मुकाम हासिल किया और मिताली राज के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। अगर आज फाइनल में उनका बल्ला चला तो भारत का खिताब जीतना तय है।
